Bharat Tiwari encounter Bihar: बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में 164 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर मां आशा देवी और परिवार ने NH-922 गोलंबर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है. सांसद पप्पू यादव ने धरने का समर्थन करते हुए CBI जांच, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है.

Bharat Tiwari encounter Bihar: बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला एक बार फिर गरमा गया है. बेटे को खोने के 164 दिन बाद भी न्याय की राह देख रही मां आशा देवी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वादों पर अमल न होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है. परिवार अब NH-922 गोलंबर के पास धरने पर बैठा है. इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी पहुंचे और सरकार व पुलिस प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए.
26 नवंबर की समय सीमा खत्म होने के बाद बदली जगह
भरत तिवारी के परिवार ने सरकार को 26 नवंबर तक का वक्त दिया था. घरवालों का आरोप है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तरफ से मिले आश्वासनों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. तय समय सीमा बीतने के बाद परिवार ने अपने घर के बाहर चल रहे अनशन को NH-922 गोलंबर के पास शिफ्ट कर दिया. अब वहीं से न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है.
मां आशा देवी बोलीं- इंसाफ मिलने तक नहीं उठेगी भूख हड़ताल
इस धरने में भरत की मां आशा देवी के साथ भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी और परिवार के दूसरे लोग शामिल हैं. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व दोषियों को सख्त सजा देने की मांग उठाई. आशा देवी ने कहा कि पांच महीने से ज्यादा का वक्त बीत गया है, फिर भी उन्हें न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है. उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और साफ कहा कि जब तक बेटे को न्याय नहीं मिलेगा, भूख हड़ताल जारी रहेगी.
पप्पू यादव ने उठाए सवाल, CBI जांच और सुप्रीम कोर्ट की बात कही
धरनास्थल पर पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने इस मामले की CBI जांच कराने और जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि अब तक इस केस में सिर्फ STF के सिपाही अक्षय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवार बाकी आरोपियों को भी पकड़ने की मांग कर रहा है. पप्पू यादव ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो वे इस लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को मुआवजा और नौकरी देने की बातें हुई थीं, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं पहुंची है.
मनोज तिवारी पर भी साधा निशाना
पप्पू यादव ने इस दौरान मनोज तिवारी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जब यह मामला चर्चा में था, तब कई नेता परिवार के साथ नजर आए थे, लेकिन अब परिवार अकेला पड़ गया है. उन्होंने मनोज तिवारी से कहा कि उन्हें परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
17 जून को एनकाउंटर में घायल हुए थे भरत तिवारी
जानकारी के मुताबिक भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के रहने वाले भरत तिवारी 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गए थे. बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी. अब 164 दिन बाद परिवार के सड़क पर उतरकर भूख हड़ताल करने से हर किसी की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है.
