नवी मुंबई के जुईनगर MIDC परिसर में करीब 20 करोड़ का सोना लूट लिया. जानकारी के मुताबिक 4 बदमाशों ने सोने की ढुलाई करने वाली वैन पर हमला किया. इस दौरान बदमाश कर्मचारियों से मारपीट कर 16 किलो 400 ग्राम सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. घटना के बाद सर्राफा कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है.
नवी मुंबई में एक बड़ी घटना हुई है. यहां जुईनगर एमआईडीसी परिसर में सोने की ढुलाई करने वाली वैन पर हमला कर करीब 20 करोड़ रुपये का सोना लूटने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक चार बदमाशों ने वैन के शीशे तोड़कर उसमें सवार कर्मचारियों के साथ मारपीट की और 16 किलो 400 ग्राम सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि लूटे गए सोने में आभूषण और सोने की छड़ें शामिल हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है.
रास्ते में बदमाशों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए अपराध शाखा और तुर्भे पुलिस की चार टीमें रवाना की गई हैं. पुलिस उपायुक्त विजय खरात ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात चार कर्मचारी एक वाहन से सोने के आभूषण लेकर जा रहे थे. इसी दौरान जुईनगर एमआईडीसी परिसर के सर्विस रोड पर वैगनआर कार से आए चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और लकड़ी के डंडे और लोहे की सरिया से वाहन के शीशे तोड़ दिए.
कार और हथियार हुए बरामद
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के साथ मारपीट कर बदमाश सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. आपको बता दें कि लूटे गए सोने की मौजूदा बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कार को जब्त कर लिया है. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं.
कारोबारियों में डर का माहौल
जानकारी के मुताबिक पुलिस उपायुक्त विजय खरात ने जल्द ही मामले में सफलता मिलने की उम्मीद जताई है. वहीं, इतनी बड़ी लूट की वारदात से नवी मुंबई के सर्राफा कारोबारियों में डर का माहौल बना हुआ है. आरोपियों को पकड़ने के लिए अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस थानों की टीम को तैनात किया गया है.
