उत्तराखंड में आज उत्तरायणी–घुघुती त्यार मनाया जा रहा है. इस पावन लोकपर्व को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के परिवार ने भी काफी धूमधाम से मनाया है. इस दौरान सीएम धामी की पत्नी, बच्चों और मां ने मिलकर इस पर्व को मनाया है.
मुख्यमंत्री धामी के परिवार ने मनाया उत्तरायणी–घुघुती त्यार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के परिवार ने राज्य के पावन लोकपर्व उत्तरायणी–घुघुती त्यार को मनाया है. इस पूरे त्योहार को मनाते हुए सीएम धामी की पत्नी गीता धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सभी को इसकी शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने लिखा कि उत्तरायणी–घुघुती त्यार हमें यह याद दिलाता है कि लोकसंस्कृति तभी जिंदा है, जब उसको जीवन में जिया जाए.
सीएम धामी की मां के साथ पत्नी ने बनाए पकवान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के परिवार ने एक साथ मिलकर राज्य का लोकपर्व उत्तरायणी–घुघुती त्यार मनाया है. इस पर्व को मनाने की तैयारी करते हुए, सीएम धामी की पत्नी ने उनकी मां के साथ में मीठे आटे के पारंपरिक घुघुती और खजूरे जैसे पकवानों को बनाया. पुष्कर सिंह धामी की पत्नी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ये सिर्फ पकवान नहीं बल्कि हमारी लोकपरंपरा संस्कारों और आस्था का एक रूप हैं. उन्होंने लिखा कि ऐसे मौकों पर घर का किचन संस्कृति की क्लास बन जाती है.
दोनों बेटों को समझाया पर्व का महत्व

सीएम धामी की पत्नी ने इस पर्व को मनाते हुए दोनों बेटों को हर साल की तरह इसकी परंपरा और इसको मनाने के पीछे के महत्व को समझाया. गीता धामी ने बताया कि जब भी बच्चे अपने सामने त्योहार की तैयारी, उसके पीछे का भाव, लोकआस्था और परंपराओं को देखते और समझते हैं, तो त्योहार सिर्फ किताबों या फिर कथाओं तक नहीं रहते हैं, बल्कि बच्चों की जिंदगी का भी एक हिस्सा बन जाते हैं.
सभी को दीं शुभकामनाएं

इस पर्व को मनाते हुए पुष्कर सिंह धामी की मां ने उनके बेटे दिवाकर और प्रभाकर को घुघुती की माला पहनाकर आशीर्वाद दिया. इसके बाद उनके बेटों ने “काले कव्वा काले, घुघुती माला खाले” को गाते हुए इस पर्व को मनाया. गीता धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यही संस्कार पीढ़ियों को मजबूती से जोड़ते हैं और उत्तराखंड की संस्कृति को आगे बढ़ाते हैं. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा कि परंपराएं निभाने से ज्यादा उन्हें समझकर अगली पीढ़ी तो सौंपना हमारी ही सांस्कृतिक धरोहर की असली रक्षा है. उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि आप सभी को घुघुती त्यार/उत्तरायणी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में पूर्व नौसैना कर्मी से 17 लाख की ठगी, जापान ट्रिप के नाम पर आरोपी ने लिया पैसा, पुलिस ने दर्ज की शिकायत
