राजस्थान के भरतपुर में एक छात्रावास में 12वीं के छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक छात्र पिछले 2 सालों से छात्रावास में रहता था. पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है.
12वीं के छात्र ने की आत्महत्या
राजस्थान के भरतपुर से एक दुखद घटना सामने आई है. भरतपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय अंबेडकर हॉस्टल में एक 16 साल के छात्र ने फांसी लगी ली. जानकारी के मुताबिक जिस छात्र ने आत्महत्या की है वह 12वीं कक्षा में पढ़ता था. मृतक छात्र 13 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.
2 सालों से रहता था छात्र
दरअसल यह पूरा मामला मथुरा गेट थाने के इलाके में मौजूद छात्रावास का है. मृतक छात्र की पहचान बयाना के सिंघाड़ा गांव के निवासी पंकज के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक छात्र पिछले 2 सालों से छात्रावास में रह रहा था और यहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था. इस घटना का पता तब लगा, जब सुबह के समय छात्रावास का चौकीदार लड़के को उसके कमरे में नाश्ते के लिए बुलाने गया था.
दरवाजा तोड़ा तो मिला छात्र का शव
जब सुबह के समय पर छात्रावास का चौकीदार छात्र को नाश्ते के लिए बुलाने गया, तो काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला. जिसके बाद में कमरे का दरवाजा तोड़कर लोग अंदर घुसे, तो छात्र का शव पंखे से लड़का हुआ था. इस घटना के बाद से पूरे छात्रावास में हड़कंप मच गया. इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को पंखे से नीचे उतारा और अस्पताल ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. छात्र का पोस्टमार्टम करके शव को परिजनों को सौंप दिया गया है. छात्रावास के अध्यक्ष ने बताया कि पंकज सात दिन की छुट्टियों के बाद कल ही घर से वापस आया था. पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है और पता कर रही है कि आत्महत्या के पीछे की क्या वजहें थीं.
यह भी पढ़ें- राजधानी में दिनदहाड़े खूनी वारदात, व्यापारी को दौड़ाकर मारी गोली, CCTV खंगाल रही पुलिस
