उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, बुलंदशहर में एक नाबालिग को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है. ये मामला बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
परिजनों संग मेला घूमने के लिए गई हुई थी नाबालिग
जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता होली के दिन अपनी भाभी और परिजनों संग मेला घूमने के लिए गई हुई थी. उसी दौरान कुछ कार सवार युवक ने जबरदस्ती लड़की को अगवा कर लिया. उसके बाद सभी आरोपी लड़की को जंगल ले गए. वहां उसके साथ गैंगरेप को अंजाम दिया गया.
परिवार वालों ने बताया कि जब उनकी 14 साल की बेटी शाम के समय घर वापस आ रही थी. तब उसके साथ ये घटना हुई. पीड़िता ने बताया कि जंगल में एक और गाड़ी थी, जिसमें दो लोग और मौजूद थे. उन्होंने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद मौके से फरार हो गए.
आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस की दी जानकारी के अनुसार परिजनों की लिखित शिकायत पर आरोपी दीपांशु यादव, प्रिंस यादव व सुनील यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ में मुकदमा दर्ज किया गया है. साथ ही तीन नामजद आरोपियो को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, चौथे की अभी तलाश हो रही हैं.
पुलिस ने पीड़िता को जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. साथ ही पीड़िता के परिवार द्वारा आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने कार्रवाई करने में काफी देरी की है. उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से आरोपियों का जल्द से जल्द एनकाउंटर करने की डिमांड की है.
