उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नशे में धुत दरोगा ने तेज रफ्तार कार ले सड़क पर जा रहे लोगों के टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक और 2 बच्चियां घायल हो गए. हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरोगा ने सड़क पर लोगों को मारी टक्कर
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लापरवाही की एक बड़ी घटना सामने आई है. शाहजहांपुर में होली के जश्न के बीच शराब के नशे में धुत एक दरोगा ने अपनी कार को सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ा दिया. दरोगा की तेज रफ्तार कार ने सड़क पर कई लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक और 2 बच्चियां घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
नशे में सड़क पर दौड़ाई कार
बताया जा रहा है कि पूरी घटना शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र की है. यहां होली के मौके पर पुलिसकर्मी जश्न मना रहे थे, जिनमें कुछ नशे में भी थे. इसी दौरान बंडा थाने में तैनात दरोगा योगेश शर्मा अपनी गाड़ी लेकर सड़क पर निकला और तेज रफ्तार में भगाने लगा. जिसके बाद उसने सड़क पर चल रहे लोगों के टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद तीनों लोग घायल हो गए.
दरोगा और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया और अंदर बैठे दरोगा को बाहर निकाला. इस दौरान भीड़ और दरोगा के बीच धक्का मुक्की भी हो गई. लोगों ने आरोप लगाया है कि दरोगा भयंकर नशे में था. इस घटना के कुछ देर बाद दूसरे पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और दरोगा को अपने साथ लेकर वहां से चले गए. जिसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
इस घटना में घायल हुए सुनील नाम के युवक ने बताया कि वह बिलसंडा की तरफ से अपनी बाइक से आ रहे थे और उनके साथ 2 बच्चियां भी थीं. इसी दौरान उन्हें दरोगा की कार ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. इस पूरी घटना को लेकर अधिकारियों का कहना है कि जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- टिहरी पहुंचे सीएम धामी, झील में लिया वाटर स्पोर्ट्स का रोमांचक अनुभव, बोले- देश-विदेश से आते हैं लोग
