Lucknow Job Fair 2026: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर है. यूपी सरकार 8 मार्च को International Women’s Day के मौके पर ‘पिंक रोजगार महाकुंभ 2026’ का आयोजन कर रही है. इस रोजगार मेले में हजारों महिलाओं को सीधे नौकरी पाने का मौका मिलेगा. यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा, जहां 50 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भर्ती करेंगी.
पिंक रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. शुभारंभ के बाद कुछ प्रमुख कंपनियों के लिए चयनित युवतियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण भी करेंगे. इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, प्रमुख सचिव डॉ. एमके शन्मुगा व निदेशक नेहा प्रकाश शामिल होंगी।
पिंक रोजगार महाकुंभ 2026
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर पिंक रोजगार महाकुंभ 2026 में 5,000 महिलाओं को रोजगार के ऑफर दिए जाएंगे. रोजगार उपलब्ध कराने वाले प्लेटफॉर्म ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग, 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्रों का वितरण, उत्कृष्ट महिला कार्मिकों और मेधावी बालिकाओं का सम्मान एवं नारी शक्ति अवॉर्ड, कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक बांटे जाएंगे और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम और साड़ी/वर्दी हेतु ₹3,849 लाख की धनराशि का डीबीटी अंतरण कार्यक्रम है.
विदेश में नौकरी का मौका
राजधानी और प्रदेश से आईटीआई, डिप्लोमा, मेडिकल व अन्य शैक्षिक योग्यता धारक युवतियों को विदेश में नौकरी का अवसर मिलेगा. गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सभागार में रविवार को पिंक रोजगार महाकुंभ लग रहा है. यहां विदेश की तीन प्रमुख कंपनियों में करीब 171 पदों पर युवतियों का 1.15 लाख महीने तक की सैलरी पर सिलेक्शन होगा. पिंक रोजगार महाकुंभ में 50 से ज्यादा कंपनियां शामिल होंगी. इनमें खाली 1000 सीटों पर करीब 5000 युवतियों को मौके पर नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
रोजगार महाकुंभ में शामिल होने वाली प्रत्येक युवतियों का संगम पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी है. जिन युवतियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं करा सकी हैं. रोजगार महाकुंभ में साक्षात्कार देने के दौरान जरूरी दस्तावेज का होना जरूरी है. ऐसे में सभी युवतियों से अपील है कि अपने साथ- जरूरी दस्तावेज और उसकी फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड साथ लाएं.
