Uttarakhand News: उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. यह लैंडिंग श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित तरीके से कराई गई. स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी के तौर पर पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया. राज्यपाल बजट सत्र में शामिल होने गैरसैंण जा रहे थे.
श्रीनगर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
पौड़ी पुलिस के मुताबिक, राज्यपाल का हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी समस्या आ गई और पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत एहतियात के तौर पर श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई. खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी तरह की अनहोनी टल गई.
हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच
सुरक्षित लैंडिंग के बाद राज्यपाल को श्रीनगर के पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया. अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है. गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद का हेलीकॉप्टर भी तकनीकी कारणों से लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी. ऐसे में लगातार वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में तकनीकी दिक्कतों की घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
