Badaun SSP: हिंदुस्तान पेट्रोलियम के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या की गाज बदांयू के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह पर गिरी है. शुक्रवार रात 11 बजे उन्हें जिले से हटाकर पुलिस अधीक्षक लॉजिस्टक पद पर लखनऊ भेज दिया गया है. उनके स्थान पर अंकिता शर्मा को बदायूं का एसएसपी बनाया गया है.
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल
इससे पहले, गुरुवार रात को हत्यारोपित अजय प्रताप सिंह ने पुलिस अभिरक्षा में भी दुस्साहस किया. तमंचा बरामदगी के दौरान उसने सिपाही पर फायरिंग की थी. पुलिस ने आत्मरक्षा में दो गोलियां मारकर उसके दोनों घुटने बेकार कर दिए. इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गए.इस हत्याकांड के बाद प्लांट में ईंधन उत्पादन बंद है. लेकिन, सतर्कता के दृष्टिगत शुक्रवार को गेट पर पीएसी तैनात कर दी गई.
बदायूं में दोहरा हत्याकांड
बदायूं. यूपी के बदायूं में एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के प्रबंधक और उप प्रबंधक की प्लांट के अंदर हत्या कर दी गई थी. मृतकों की पहचान प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा के रूप में हुई . हमलावर ने प्लांट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि प्लांट घाटे में चल रहा था और आरोपी ने पहले भी निकाले जाने का विरोध किया, जिसके बाद आरोपी पर FIR दर्ज कराई गई थी. आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.आरोप है कि अजय प्रताप निवासी ग्राम सैंजनी ने गुरुवार दोपहर प्लांट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. हमलावर ने प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं.
नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस में था अजय
पुलिस से पूछताछ में अजय प्रताप सिंह ने माना है कि नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस में उसने डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और एजीएम हर्षित मिश्रा की हत्या की थी. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल से हथियार बरामद कर लिया है. दातागंज के सैजनी गांव में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कंप्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) प्लांट में इसी गांव का अजय प्रताप सिंह ठेका कंपनी के जरिये बतौर वेंडर नौकरी करता था. उसे 14 हजार रुपये महीने में मिलते थे.
ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा आज से: चप्पल पहनकर ही मिलेगी एंट्री, कैंडिडेट्स को मिलेंगे 5 मिनट एक्स्ट्रा!
