UP Police SI Bharti 2025: यूपी एसआई भर्ती की लिखिथ परीक्षा आज से शुरू होगी. यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों आयोजित हो रही है. यह परीक्षा दो दिनों तक आयोजित की जाएगी और प्रदेश भर के 1090 परीक्षा केंद्रों पर कराई जा रही है. इस भर्ती के तहत कुल 4543 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है. शनिवार और रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा दो पालियों में होगी. इसी बीच UPPRPB ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 5 अतिरिक्त मिनट देने की घोषणा की है.
UPPRPB ने दी चप्पल पहनकर आने की सलाह
UPPRPB ने परीक्षा से पहले कैंडिडेट्स के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी है. UPPRPB ने बताया है कि यूपी पुलिस एसआई भर्ती लिखित परीक्षा के लिए कैंडिडेट्स को 5 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे, जो लिखित परीक्षा के लिए निर्धारित 2 घंटे से अलग हैं. इस तरह लिखित परीक्षा 2 घंटे और 5 मिनट की होगी. वहीं UPPRPB ने कैंडिडेट्स को 2 घंटे पहले सेंटर पर पहुंचने और चप्पल पहनकर आने की सलाह दी है.
कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा प्रदेश के 75 जनपदों के 1090 परीक्षा केन्द्रों में 14 मार्च एवं 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित कर रहा है. सुबह 10.00 बजे से 12.00 बजे तक एवं दोपहर 03.00 बजे से शाम 05.00 बजे तक परीक्षा होगी. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सीधी भर्ती-2025 के अन्तर्गत 4543 पदों पर अभ्यर्थियो से आवेदन आमंत्रित किए थे. इसमें कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें पुरूष-11,66,386 हैं जबकि 4,09,374 अभ्यर्थी महिला हैं.
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. निष्पक्ष और शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए हर केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी.
रेलवे की ओर से खास इंतजाम
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि, परीक्षार्थियों के समय को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह विशेष उपाय किया है जिसमें ट्रेनों का संचालन गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, बनारस के विभिन्न स्टेशनों से किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: प्रकृति का अनोखा रहस्य: गाय के पेट में बनने वाली पथरी की कीमत जान चौंक जाएंगे आप
