बिहार के सहरसा में एक बार फिर बदमाशों का कहर देखने को मिल रहा है. दरअसल, 13 मार्च को सदर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर फायरिंग कर हत्या कर दी है. मृत व्यक्ति की पहचान 30 वर्षीय सुजीत कुमार मिश्रा और विद्यापति नगर स्थित फकीर टोला के निवासी के रूप में की है.
पुलिस ने दी घटना की जानकारी
मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रात 10:30 बजे के करीब सुजीत(मृतक) मीरा सिनेमा रोड के पास था. अचानक से ही कुछ बाइक सवार युवक आए और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. गोलियां लगने की वजह से युवक वहीं गिर गया. मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया शुक्रवार शाम 6 बजकर 30 मिनट पर सुजीत घर से नाश्ता करके निकला था और रात करीब साढ़े 10 बजे प्रेम नाम के एक युवक ने फोन करके भाई पर गोली चलने की सूचना दी थी. जैसे ही बेटे को गोली लगने की खबर पिता को लगी, वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बेटे को अस्पताल ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा सुजीत को मृत घोषित कर दिया गया. मृतक के आंख, सिर, छाती, पसली और कमर में गोली लगने की वजह से उसकी मौत हो गई है.
पुलिस ने बताया आपसी विवाद
पुलिस ने आगे की जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. आगे की जांच में पुलिस जुट चुकी है. पुलिस को 12 खोखे घटनास्थल से मिले हैं. हालांकि, अभी तक पुलिस को नहीं पता कि गोली क्यों मारी गई है. पुलिस को जांच में मिला हैं कि मृतक के खिलाफ अपारधिक मामले भी दर्ज है. शुरुआती जांच में पुलिस ने संभावना जताई है कि मामला आपसी विवाद का है.
ये भी पढ़ें: बुलंदशहर फायरिंग केस में नया मोड़, धमकियों से परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
