Gorakhpur murder: गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बदमाशों ने न सिर्फ घेरकर हमला किया, बल्कि उनके मरने का इंतजार भी किया. खून से लथपथ हालत में पीड़ित करीब 300 मीटर तक जान बचाने के लिए दौड़ते रहे, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल इस वारदात के बाद इलाके में दहशत है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.
पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या
ये मामला गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके का है, जहां मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे 4 से 6 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला किया. जान बचाने के लिए राजकुमार चौहान करीब 300 मीटर तक दौड़ते रहे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें दोबारा पकड़ लिया और सिर, सीने और हाथ पर कई वार किए. हैरान करने वाली बात ये रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर ही कुछ देर तक बैठे रहे और उनकी मौत का इंतजार करते रहे. जब उन्हें यकीन हो गया कि उनकी मौत हो चुकी है, तब सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में राजकुमार चौहान को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौके से पुलिस ने गोली के खोखे भी बरामद किए हैं.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे, जिससे साफ है कि यह पूरी वारदात सुनियोजित थी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
ये भी पढ़ें: कुलदीप-वंशिका का ग्रैंड रिसेप्शन आज: लखनऊ में जुटेंगे खेल और सियासत के दिग्गज
