फरसा वाले बाबा की मौत के बाद कुछ लोगों ने पुलिस के ऊपर पथराव किया. इस मामले में पुलिस ने अभी तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. फरार आरोपियों की तलाशी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
सड़क दुर्घटना में हुई थी बाबा की मौत
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 21 मार्च को एक सड़क दुर्घटना में प्रसिद्ध गौसेवक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत हो गई थी. यह हादसा मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में सुबह के समय पर घने कोहरे के बीच हुआ था. बताया जा रहा है कि फरसा वाले बाबा ने शक के आधार पर एक कंटेनर को रुकवाया था, इसी दौरान पीछे से आने वाले एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
NH-19 को किया था जाम
इस घटना के बाद बाबा के समर्थक काफी गुस्से में आ गए और उन्होंने NH-19 को जाम कर दिया. जिसके बाद भीड़ ने समझाने आए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के ऊपर भी पथराव और फायरिंग कर दी. जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज कर दी. इस पूरे मामले में पुलिस ने अभी तक 2 दर्जन से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है.
तस्करी से संबंधित नहीं बाबा की मौत
आपको बता दें कि मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश ने बताया है कि फरसा वाले बाबा की मौत एक सड़क दुर्घटना थी. इस मामले का गोवंश की तस्करी से किसी तरह का संबंध नहीं है. इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की भी मौत हुई है. बताया जा रहा है कि कुछ तत्वों ने हादसे को हत्या का रूप देकर अफवाह फैलाई है और कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश की है.
15 लोगों को किया गया गिरफ्तार
SP देहात सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव और फायरिंग में लगभग 23 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं और कई सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. इस मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज की मदद से 23 नामजद लोगों और सैकड़ों अज्ञात लोगों को चिह्नित किया है. इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार भी किया है. इन लोगों के पास से कारतूस, लाटी-डंडें और 15 मोटरसाइकिलों को बरामद किया गया है.
यह भी पढ़ें- बढ़ते दबाव और ऊर्जा संकट के बीच भारत उठा रहा बड़ा कदम; फैसले से चीन के छूटेंगे पसीने
