गुजरात के राजकोट से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर एक छात्र द्वारा अपने टीचर संग रेप और लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है. हालांकि, मामले का राज काफी सालों बाद में खुला है. घटना के बाद पूरे इलाके में इसी की चर्चा हो रही है. मामला राजकोट के गांधीग्राम इलाके का बताया जा रहा है.
दरअसल, आरोपी छात्र जब 10वीं में पढ़ता था, तब वह टीचर उसे पढ़ाने का काम करती थी. धीरे-धीरे दोनों में प्रेम संबंध बन गए और. छात्र ने शादी का झूठा वादा कर टीचर से ढाई साल तक संबंध बनाए.
मामले में मोड़ तब आया जब दोनों ने काफी साल तक बात बंद की और दोबारा एक दूसरे के साथ में संपर्क में आए. आरोपी छात्र ने टीचर से 12 साल के बाद में सोशल मीडिया के जरिए दोबारा से बात करनी शुरू की. उसने बातों ही बातों में उसका विश्वास पूरी तरीके से जीत लिया था. उसने एक बार फिर टीचर को शादी का वादा कर अपने चंगुल में फंसाया.
उसके बाद में उसने अपना पूरा मायाजाल फिर से शुरू किया. उसने टीचर का शारीरिक शोषण किया. वह टीचर को विदेश ले जाने के सपने दिखाता रहा. इसी विश्वास का उसने एक दिन फायदा उठाया. आरोपी छात्र ने टीचर से व्यापार में नुकसान होने का कहकर करीब 7 लाख रुपये हड़प लिए.
धीरे-धीरे शिक्षिका को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ और उसने गांधीग्राम पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ में जांच शुरू कर दी गई है.
