ISIS Terror Module Update: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद से गिरफ्तार आईएसआईएस आतंकी हारिस को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं. अब एटीएस की पूछताछ में सामने आया है कि हारिस और उसके साथी डार्क वेब के जरिए भी खास संदेशों का आदान-प्रदान करते थे. हारिस ने एटीएस के सामने इस आतंकी मॉड्यूल के डार्क वेब से जुड़े राज उगले. शनिवार को एटीएस ने पुलिस कस्टडी रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी हारिस को वापस जेल में दाखिल करा दिया.
दी गई डार्क वेब की स्पेशल ट्रेनिंग
हारिस आईएसआईएस और उनके हैंडलरों को भी डार्क वेब के जरिए गोपनीय सूचनाएं व संदेश भेजता था. जांच में यह भी सामने आया है कि हारिस को लगभग डेढ़ साल पहले कश्मीर में डार्क वेब की स्पेशल ट्रेनिंग दी गई थी. अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके साथ अन्य किन युवकों को कश्मीर में ये स्पेशल ट्रेनिंग दी गई थी.
यूपी के अलावा कई राज्यों के युवाओं से संपर्क
हारिस के नेटवर्क से उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, बिहार और पंजाब के कई युवक सीधे संपर्क में थे. वह डार्क वेब के माध्यम से रात के समय उनके साथ संपर्क साधता था और संदेशों का आदान-प्रदान होता था. यूपी एटीएस को आईएसआईएस के लिए काम करने वाले हारिस अली ने 10 सहयोगियों के नाम बताए हैं. इन्हें देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आईएसआईएस से फंडिंग की जा रही थी. जानकारी मिलने के बाद एटीएस संदिग्धों को अरेस्ट करने में जुट गई है.
लैपटॉप से मिले अहम सुराग
कहा जा रहा है कि हारिस ने सीधे संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी दे दी है, जिससे आतंक के बड़े सर्कल का खुलासा हो सकता है. इतना ही नहीं हारिस के लैपटॉप से भी एटीएस को कई अहम जानकारियां मिली है, जिसमें आतंकी साजिशों से जुड़े मेल शामिल हैं. मेल के जरिए हारिस के आईएसआईएस के एजेंटों को भेजी गई जानकारियां मिली है. इनमें कुछ प्रमुख स्थलों की फोटो भी अटैच हैं.
दिया गया था 50-50 युवाओं का ग्रुप बनाने का लक्ष्य
रिपोर्ट्स की मानें तो आईएसआईएस ने हारिस अली को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और पंजाब में 50-50 युवाओं का ग्रुप बनाने का लक्ष्य दिया था. वह सोशल मीडिया पर उन लोगों के साथ संपर्क करता था, जो आईएसआईएस की विचारधारा को पसंद करते थे. एटीएस ने पूछताछ के लिए हारिस को 5 दिन के रिमांड पर लिया था, जिसके बाद उसे कई अहम जानकारी मिली है. हारिस ने जिन 10 सहयोगियों के नाम बताए हैं, उनमें चार युवक उत्तर प्रदेश हैं. जबकि छह अन्य अलग-अलग राज्यों से जुड़े हैं.
