उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें मदरसे का मौलाना एक बच्चे को बुरी तरह पीट रहा है. पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए 2 मौलानाओं को गिरफ्तार कर लिया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. सहारनपुर के गंगोह में मौजूद मदरसे के वायरल हो रहे वीडियो में एक 10 साल के बच्चे को बेरहमी से पीटा जा रहा है. आरोप है कि 2 मौलानाओं ने बच्चे को बुरी तरह से पीटा और तीसरा व्यक्ति वीडियो बनाने का काम करता रहा. हालांकि वायरल हो रहा वीडियो लगभग डेढ़ साल पुराना है, लेकिन यह 3 अप्रैल के बाद से लगातार वायरल हो रहा है.
एक मौलाना ने लटकाया दूसरे ने पीटा
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मौलाना बच्चे को उल्टा करके उसके पैर पकड़े हुए है और दूसरा मौलाना लगातार उसे डंडों से मार रहा है. मौलाना ने बच्चे को लगभग 36 डंडे मारे. इस दौरान बच्चा जोर-जोर से चिल्लाता रहा और उसे छोड़ देने की बात कहता रहा. मौलाना लगातार बच्चे को डंडे से मारता रहा. यह वीडियो लगभग 1 मिनट 49 सेकंड का है, जिसने लोगों को दहला कर रख दिया है.
पुलिस को दी गई तहरीर
इस पूरे मामले में खानपुर गुर्जर गांव के कारी साजिद हसन ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि मदरसे में बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं. वायरल वीडियो में गांव का जुनैद नाम का मौलाना बच्चे को पीटता दिखाई दे रहा है, वहीं शोएब नाम का मौलाना बच्चे को उल्टा पकड़े हुए है. पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर एक्शन लिया है.
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में एक्शन लेते हुए केस दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के मुताबिक बच्चा मदरसा छोड़कर भाग गया था, जिसके कारण उसे इस तरह से मारा गया था. जानकारी के मुताबिक वायरल हो रहा वीडियो सहारनपुर के गंगोह का है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपी जुनैद और शोएब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- 13 साल की नाबालिग से किया 35 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म, लड़की हुई 4 महीने की गर्भवती; पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
