YEIDA Residential Plot Scheme 2026: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी YEIDA ने सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 973 प्लॉट की नई स्कीम लॉन्च कर दी है. इसके तहत घर की हसरत रखने वाले और उद्यमियों के लिए बड़ा मौका है. यह स्कीम 6 मई 2026 को बंद हो जाएगी. प्राधिकरण की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, इस प्लॉट स्कीम में 18 जून को ड्रॉ आयोजित किया जाएगा, जिसके जरिये प्लॉट अलॉटमेंट पाने वालों की किस्मत तय होगी.
कुल कितने प्लॉट्स
इस योजना के तहत कुल 973 प्लॉट्स आवंटित किए जाएंगे. यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के तुरंत बाद पेश की गई है और इसे भविष्य के ‘एविएशन हब’ के आसपास अपना घर बनाने की चाह रखने वालों के लिए एक बड़ा मौका है।
प्लॉट्स की कीमत और आवंटन प्रक्रिया
इस योजना में जमीन की दर 36,260 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है. आवंटन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा. आवंटन सेक्टर 15-C, 18 और 24 में स्थित प्लॉट्स के लिए होगा. ये योजना पूरी तरह से UP RERA से अनुमोदित है, जिससे यह निवेशकों और घर खरीदारों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद होगा.
YEIDA अधिकारियों ने बताया कि कुल प्लॉट्स में से 17.5 प्रतिशत उन किसानों के लिए आरक्षित होंगे, जिनकी जमीन एयरपोर्ट और यमुना क्षेत्र के विकास के लिए अधिग्रहित की गई थी. योजना में 17.5% प्लॉट्स किसानों और 5% व्यवसायियों के लिए आरक्षित हैं. शेष प्लॉट्स के लिए आम जनता आवेदन कर सकती है.
जानिए कैसे करें आवेदन
इच्छुक आवेदक प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. अप्लाई करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज़ और पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.
जानें सभी तारीखें
आवंटित प्लॉट्स 90 साल की लीज पर दिए जाएंगे. आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से शुरू हो रही है और आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई 2026 है. इसके बाद 18 जून 2026 को ड्रॉ के माध्यम से आवंटन किया जाएगा.
पेमेंट का तरीका
इस योजना के तहत सभी भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किए जाएंगे। आवेदक Yamuna Expressway Industrial Development Authority की आधिकारिक वेबसाइट या ऑनलाइन प्रॉपर्टी अकाउंट सिस्टम के जरिए पेमेंट गेटवे से भुगतान कर सकते हैं. ऑफलाइन भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: असम चुनाव को प्रभावित कर रहा पाकिस्तान! मुख्यमंत्री हिमंत ने कांग्रेस पर किया पलटवार; सभी आरोपों को किया खारिज
