वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक से बढ़कर एक सूरमा हुए हैं. कई दिग्गज खिलाड़ियों ने लीमिटेड ओवर्स के इस फॉर्मेट में ऐतिहासिक कीर्तिमान रचे हैं. वनडे क्रिकेट के इतिहास में आज तक 12 डबल हंड्रेड लग चुके हैं. जबकि तकरीबन 15 खिलाड़ियों ने 150 रन बनाने का कारनामा किया है. आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अकेले ही वनडे क्रिकेट इतिहास 8 बार 150 रन बनाने का कारनामा किया है, लेकिन लीमिटेड ओवर्स के इस फॉर्मेट में कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने जमकर रन बनाए हैं और खूब नाम कमाए, मगर वह अपने करियर के दौरान दोहरा शतक तो छोड़िए 150 रनों का भी आंकड़ा नहीं छू पाए हैं. इन खिलाड़ियों ने समय-समय पर अपने देश के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेली, पर वह ऐसा करने में नाकाम रहे.

माइकल क्लार्क
इस फेहरिस्त में नंबर 1 पर ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान माइकल क्लार्क का नाम है. क्लार्क ने अपने करियर के दौरान खेले 245 वनडे मैचों की 233 पारियों में 44.87 की शानदार औसत से 7981 रन बनाने का कारनामा किया. इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 58 अर्धशतक जड़ने का काम किया. वहीं, क्लार्क अपने करियर के दैरान 44 बार नॉटआउट रहे,लेकिन अपने पूरे वनडे करियर में क्लार्क 150 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. उनका उच्चतम स्कोर 130 रनों का रहा. क्लार्क ने ऑस्ट्रेलिया को कई मैच जिताए पर वह यह काम नहीं कर पाए. क्लार्क अपने क्लासिक शॉट और मैच फिनिशिंग पारियों के लिए भी जाने जाते थे.

महेला जयवर्धने
वनडे क्रिकेट इतिहास में जब-जब दिग्गज खिलाड़ियों का नाम लिया जाएगा श्रीलंका के महान खिलाड़ियों में से एक महेला जयवर्धने का नाम जरूर लिया जाएगा. जयवर्धने ने अपने वनडे करियर के दौरान 448 मैचों की 418 पारियों में 33.87 की बल्लेबाजी औसत से 12650 रन बनाने का काम किया है. इस दौरान उन्होंने 19 शतक और 77 अर्धशतक लगाने का काम किया है. जयवर्धने ने अपने करियर के दौरान कई मैच विनिंग पारियां खेली खासकर भारत के खिलाफ 2011 के विश्व कप फाइनल में उनकी शतकीय पारी कौन ही भूल सकता है, लेकिन उनके पूरे करियर का उच्चतम स्कोर 144 रनों का रहा और वह कभी 150 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाए. सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी जयवर्धने के नाम है.

शिखर धवन
इस फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का नाम है. धवन वनडे क्रिकेट इतिहास के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं. उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई ऐतिहासिक पारियां भी खेली हैं. शिखर और रोहित लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए बतौर सलामी जोड़ी के रूप में खेले हैं. धवन ने अपने वनडे करियर के दौरान खेले 167 वनडे मैचों में 164 पारियों में 44.71 की बेहतरीन बल्लेबाजी औसत से 6973 रन बनाए. इस दौरान शिखर ने 17 शतक और 39 पचासे ठोके, लेकिन शिखर कभी दोहरा शतक और 150 के आंकडे़ को नहीं छू पाए. शिखर का उच्चतम स्कोर 143 रनों का रहा. शिखर साल 2015 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत के टॉप स्कोरर रहे हैं और साथ ही 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी हाईएस्ट स्कोरर रहे थे.
