Mirzapur lawyer murder: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक वकील को दिन दहाड़े गोली मार दी गई. इस घटना में वकील की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है, पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है.
दिन दहाड़े वकील की हत्या
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारूपुर इलाके में एक वकील की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है. घटना के बाद पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है और मामले की जांच में जुट गई है. वकील की इस तरह से दिन दहाड़े हत्या के मामले ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
मौके पर ही हो गई मौत
आपको बता दें कि पूरा मामला कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र का है. कतवारूपुर के रहने वाले वकील राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह सुबह के समय टहलने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान मोटरसाइलिक से 2 बदमाश आए और देसी तमंचे से ऊपर गोली चला दी. आपको बता दें कि हमलावर ने राजीव के सटाकर तमंचे से फायर किया. इस घटना में गोली लगने के बाद वकील की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपियों की हो गई पहचान
बताया जा रहा है कि मृतक व्यक्ति वर्तमान में देवरी गांव का प्रधान पति भी था. मौत के पीछे का कारण प्रधानी की रंजिश भी जताई जा रही है. पुलिस अधीक्षक अपर्णा कौशिक ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और मामले को दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को घटना को अंजाम देते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हमलावर बाइक से उतरा और वकील के पास जाकर उन्हें गोली मार दी. गोली मारने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद जिले में वकीलों में आक्रोश देखने को मिल रहा है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- ठाणे में झुग्गी-बस्ती में लगी भयंकर आग! कई गैस सिलेंडर फटे; 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत
