पंजाब के खडौर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने अब पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सांसद अमृतपाल सिंह 28 जनवरी से शुरू होने वाले संसदीय सत्र में शामिल होने के लिए हाईकोर्ट पहुंचे हैं.
अमृतपाल ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा
पंजाब के खडौर साहिब सांसद अमृतपाल सिंह ने संसदीय सत्र में शामिल होने के लिए अब पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. आपको बता दें कि अमृतपाल सिंह पंजाब के खडौर साहिब सीट से निर्दलीय सांसद है. सांसद अमृतपाल सिंह इस समय राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम में मौजूद डिब्रूगढ़ जेल में बंद है. अब अमृतपाल सिंह ने संसद के आगामी बजट सत्र में शामिल होने के लिए परमिशन मांगी है.
संसद सत्र में शामिल होने के लिए दायर की याचिका
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने वाला है. जिसके चलते अमृतपाल सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. इस याचिका पर 22 जनवरी को सुनवाई होने की उम्मीद है. ऐसा माना जा रहा है कि सरकार की तरफ से भी इस मामले में कोर्ट में जवाब दाखिल किया जा सकता है. अमृतपाल सिंह ने अपनी याचिका में कहा है कि उन्हें 10 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना प्रतिनिधि चुना है. जिसके चलते संसद में जाकर अपने क्षेत्र और लोगों की बात को रखना उनका अधिकार है.
जेल में रहते हुए लड़ा था चुनाव
आपको बता दें कि अमृतपाल सिंह ने साल 2024 में जेल में रहते हुए लोकसभा चुनाव लड़ा था. इस लोकसभा चुनाव में अमृतपाल सिंह ने कांग्रेस के उम्मीदवार कुलबीर सिंह जीरा को लगभग 1.97 लाख वोटों से हरा दिया था. चुनाव जीतने के बाद में अमृतपाल सिंह किसी भी संसद सत्र में मौजूद नहीं रहे हैं. अमृतपाल सिंह वारिस पंजाब दे संगठन का प्रमुख भी है.
अमृतपाल सिंह पर कई गंभीर आरोप
अमृतपाल सिंह के ऊपर कई गंभीर आरोप हैं, जिनके चलते वह जेल में बंद है. अमृतपाल सिंह को खालिस्तान समर्थक भी कहा जाता है. वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख के ऊपर लगे आरोपों में पुलिस पर हमला, हथियारों की तस्करी की जैसे आरोप शामिल हैं. फरवरी साल 2023 में दर्ज हुई 2 FIR के बाद में अमृतपाल के ऊपर NSA लगाया गया था. इससे पहले भी अमृतपाल की पैरोल और संसद सत्र में शामिल होने वाली कई याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं. सरकार का कहना है कि अमृतपाल को बाहर आने की परमिशन देने से देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है.
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु की सियासत में बड़ा मोड़! बीजेपी को मिल गया नया पार्टनर, टीटीवी दिनाकरण की पार्टी करेगी NDA से गठबंधन
