Prayagraj News: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहे अजीत पवार की अस्थियों को संगम में विधि विधान से विसर्जित किया गया. रविवार दोपहर में अजीत पवार के परिजन फ्लाइट से बारामती से प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे. एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए सभी संगम तट पर पहुंचे. जिसके बाद तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत् वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया. पूजन के बाद अजीत पवार की अस्थि कलश को गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती में बेटे जय पवार ने नम आंखों से संगम में प्रवाहित किया. इस दौरान अजीत पवार के परिवार और भारतीय जनता पार्टी के साथ ही एनसीपी के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे और सभी भावुक दिखाई दे रहे थे.
संगम तट अस्थि कलश के विसर्जन के बाद एनसीपी के नेता धनंजय शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कि परिवार और एनसीपी के कार्यकर्ताओं व दादा के समर्थकों के लिए यह बहुत भावुक पल हैं. मैं अस्थि कलश यात्रा को लेकर हरिद्वार से तेलंगाना तक गया. अजीत दादा सिर्फ महाराष्ट्र के नहीं, बल्कि देश की बड़ी राष्ट्रीय राजनैतिक शख्सियत थे. राजनीति के क्षेत्र में यह एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती है. दादा ने पूरा जीवन समाज के लिए काम किया और आखिरी क्षण भी समाज के लिए भी उन्होंने दिया है. अब दादा के विचारों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा.
बता दें कि 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट पर एक चार्टर्ड प्लेन दुर्घटना में अजीत पवार का निधन हुआ था. हादसे में उनके साथ दो पायलट, एक महिला क्रू मेंबर और एक सुरक्षाकर्मी समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई थी. अजित के निधन के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.
ये भी पढ़ें: डॉक्टर को दिखते है ये संकेत तो समझ जाते हैं अंतिम समय निकट, जानें क्या है लक्षण
