Ashutosh Brahmachari News: रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जाते वक्त आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ है. ये घटना फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच में घटी है. बताया जा रहा है कि उनपर धारदार हथियार से हमला किया गया. इस हमले से उन्हें काफी चोटें आई हैं. हमलावर ने उनके नाक पर धारदार हथियार से वार किया था. उनके शरीर पर कई जगह गहरे घाव बन गए हैं. प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्होंने राजकीय रेलवे पुलिस से मामले की लिखित शिकायत की. जीआरपी मामले की जांच में जुटी है.
लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे
जैसे हमलावर ने उनपर हमला किया, वह तुरंत उससे भिड़ गए. आशुतोष ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद करके जान बचाई. वह लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे हैं. उनकी हालत खतरे से बाहर है. श्री कृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी पर हमले से सनसनी फैल गई है.
क्यों हुआ आशुतोष महाराज पर हमला?
एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो आशुतोष महाराज ने बताया है कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था. इतना ही नहीं उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर हमले की साजिश रचने का शक जताया है. आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रयागराज जीआरपी में तहरीर दी. उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों को साजिशकर्ता बताया है. प्रयागराज जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हमलावर की तलाश जारी है.
अविमक्तेश्वरानंद पर लगाए थे संगीन आरोप
आपको बता दें, आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. इसके बाद उन्होंने इस मामले में अविमक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ केस दर्ज कराया था. आरोप लगाया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से युवा बटुकों (धार्मिक छात्रों) को लाया गया और आश्रमों में उनके साथ बुरा बर्ताव किया गया.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बयान
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘नाटक’ और ‘साजिश’ बताया है. उन्होंने कहा कि यह सब एक बड़ा ड्रामा है, जो उनके खिलाफ चल रहे केस को मजबूत करने के लिए रचा गया है.
