अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर निर्माण कार्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि 20 जुलाई तक राम मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. वहीं, जुलाई के अंत तक प्राचीन मंदिर स्मारक का निर्माण भी पूर्ण कर लिया जाएगा. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वर्तमान में निर्माण कार्य अपने बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिसे समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए तैयारियां तेज हैं.
जुलाई के आखिर तक पूरा होगा काम
निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य मंदिर से जुड़े स्मारक का काम लगभग समाप्ति पर है. अब बस एक मुख्य काम बचा है, उस विशेष ज्योति का इंतज़ाम करना जो मंदिर परिसर में लगातार (अखंड) जलती रहेगी. इसके अलावा एक अन्य स्मारक का काम भी जुलाई के आखिर तक पूरा होने की पूरी उम्मीद है.
बाउंड्री वॉल और ऑडिटोरियम का काम नवंबर-दिसंबर तक
नृपेंद्र मिश्र ने स्पष्ट किया कि मुख्य मंदिर के अलावा जो दो अन्य बड़े प्रोजेक्ट परिसर में चल रहे हैं, उनका काम आगे भी जारी रहेगा.मंदिर के चारों तरफ बनने वाली 4 किलोमीटर लंबी सुरक्षा और बाउंड्री वॉल का काम 30 सितंबर तक पूरा होने का भरोसा जताया गया है. मंदिर परिसर के बाहर बन रहे भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य नवंबर या दिसंबर तक पूरा चलेगा.
‘राम कथा संग्रहालय’ के लिए बड़ी बैठक
अयोध्या में बनने जा रहे ‘राम कथा संग्रहालय’ को लेकर आज और कल (दो दिवसीय) बेहद अहम बैठकें होने जा रही हैं. इस संग्रहालय में कुल 20 आधुनिक गैलरी बनाई जा रही हैं, जिनकी कहानी (स्टोरीलाइन) पूरी तरह तय हो चुकी है. इन बैठकों में सभी 20 गैलरियों के तकनीकी पहलुओं, डिजिटल तकनीकों और वीडियो प्रेजेंटेशन (प्रदर्शनी) को लेकर अंतिम फैसले लिए जाएंगे.
चढ़ावे और व्यवस्थाओं को लेकर चल रहे हालिया घटनाक्रमों पर बोलते हुए नृपेंद्र मिश्र ने साफ किया कि उन्होंने कामकाज या मंदिर की व्यवस्थाओं का कोई निरीक्षण नहीं किया है, क्योंकि वह विषय उनके कार्यक्षेत्र के दायरे में नहीं आता है. उनका पूरा ध्यान केवल और केवल मंदिर निर्माण को समय पर और भव्यता के साथ पूरा कराने पर केंद्रित है.
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष ने चढ़ावा चोरी की घटना को कलंक बताते हुए व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया. नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है. निर्माण कार्यों की समीक्षा के बाद शेष काम 20 जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया.
