हिमाचल प्रदेश के शिमला में बारिश के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शिमला के बारिश के कारण गानवी खड्ड का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ रहा है. अब इसका असर जनजीवन पर पड़ता दिखाई दे रहा है.

शिमला में बारिश से तबाही
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से लगातार जनजीवन पर असर पड़ता दिखाई दे रहा है. राजधानी शिमला में भी लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शिमला के रामपुर उपमंडल में बारिश के कारण गानवी खड्ड का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ रहा है. अब इसके कारण आसपास के कई गांवों और पंचायतों का संपर्क भी टूट गया है.
सड़कों पर भी बारिश का प्रभाव
जानकारी के मुताबिक जगोरी, क्याओ, कूट सहित कई पंचायत के लोगों को कामकाज के लिए खड्ड पार करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पानी के तेज बहाव के कारण आवाजाही भी काफी जोखिम भरी हो गई है. स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भी डर बैठ गया है. आपको बता दें कि बारिश का असर सिर्फ खड्ड तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके कारण सड़क संपर्क भी काफी प्रभावित हुआ है.
ठप होने की कगार पर आवाजाही
बताया जा रहा है कि रामपुर के दूर कशापाट को जोड़ने वाली सड़क पर भी कई जगहों पर इसका असर पड़ा है. बारिश के कारण सड़क पर मलबा आ गया है और कई हिस्सों में कटाव होने के कारण वाहनों की आवाजाही भी ठप होने के कगार पर आ गई है. अब इलाके में लोगों को जरूरी सामान और चिकित्सा सेवा के लिए भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
आपको बता दें कि प्रशासन की तरफ से तत्काल राहत न मिलने पर स्थानीय लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाला है. स्थानीय लोग खुद ही फावड़े और दूसरे उपकरणों की मदद से सड़क पर मौजूद मलबे को हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को अस्थायी रूप से ठीक करने की कोशिश में लग गए हैं, जिससे लोगों के लिए जल्दी ही आवाजाही को बहाल किया जा सके. हिमाचल में लगातार बारिश के कारण भारी तबाही मची हुई है.
यह भी पढ़ें- ईरान को ट्रंप की सबसे बड़ी धमकी! देश के हर हिस्से पर होगा हमला; बोले- ‘1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड’
