अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को लेकर आक्रामक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 1000 मिसाइलें ईरान की तरफ निशाना साधे तैयार हैं. अगर ईरान ने कोई हरकत की, तो हर हिस्से को तबाह कर दिया जाएगा.

1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है. अब इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा और आक्रामक बयान दिया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दावा किया है कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड हैं. उन्होंने कहा कि ये मिसाइलें सीधे ईरान की तरफ निशाना साधे हुए हैं. ट्रंप ने यह दावा ट्रुथ सोशल पर किया है.
ईरान के हर हिस्से पर हमला होगा- ट्रंप
ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की साजिश रची या फिर इस तरह की कोई कोशिश की तो अमेरिका की सेना पूरे साल ईरान के हर हिस्से पर हमले करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. ट्रंप ने लिखा कि अगर ईरान की सरकार दुनिया के किसी भी कोने में मेरे खिलाफ हत्या की धमकी को सच करने की कोशिश करती है, तो अमेरिकी सेना ईरान के सभी इलाकों को तबाह कर देगी.
अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार
ट्रंप ने लिखा कि इससे संबंधित आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना भी इसको लेकर पूरी तरह से तैयार और इच्छुक और सक्षम है. ट्रंप का यह बयान उस समय आया है जब हाल के हफ्तों में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव दोबारा से चरम पर पहुंचा है. दोनों देशों के बीच जून में एक अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ था, लेकिन हालिया सैन्य गतिविधियों और बयानों के बाद हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं.
नाटो सम्मेलन में किया था दावा
आपको बता दें कि हाल ही में ट्रंप ने नाटो सम्मेलन के दौरान कहा था कि वह ईरान की हिट लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. उन्होंने दावा किया था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इस तरह की जानकारी मिली है कि ईरान उनके खिलाफ साजिश रच सकता है. इसी को देखते हुए ट्रंप ने अमेरिकी सेना को पहले ही जवाबी सैन्य कार्रवाई का विकल्प तैयार रखने के लिए निर्देश दे दिए हैं.
यह भी पढ़ें- CM धामी का मास्टरप्लान! कॉर्पोरेट दिग्गजों को दिया बड़ा संदेश; बोले- उत्तराखंड में ही खर्च करें CSR फंड
