Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में चढ़ावे और वीआईपी पास को लेकर उपजे हालिया विवाद के बीच आज, 11 जुलाई को अयोध्या में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा की अगुवाई में यह अहम बैठक आयोजित की जाएगी. विवाद सामने आने के बाद ट्रस्ट की यह पहली औपचारिक बैठक है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. बैठक की विशेष बात यह रहेगी कि ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन पहली बार आधिकारिक रूप से समीक्षा बैठक में शामिल होंगे.
वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा करेंगे नृपेंद्र मिश्रा
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन और वीआईपी पास वितरण को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. आज होने वाली इस बैठक में इन व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम बनाने पर गहन मंथन होगा. नृपेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ मिलकर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और इसमें जरूरी सुधारों को लेकर कड़े फैसले ले सकते हैं.
ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल,तैयार होगा ब्लू प्रिंट
इस बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य और प्रबंधन से जुड़े अधिकारी भौतिक रूप से शामिल होंगे. बैठक में मंदिर निर्माण के अगले चरण की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के साथ-साथ, मानसून के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा.चढ़ावा प्रबंधन के अलावा, बैठक का मुख्य फोकस इस बात पर रहेगा कि आम श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी तरह की परेशानी न हो. पास व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और भीड़ नियंत्रण के उपायों को और अधिक मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी. विवाद के तुरंत बाद हो रही इस बैठक को मंदिर प्रबंधन और व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे थे नृपेंद्र मिश्र
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार दोपहर दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे. प्रवास के दौरान वह राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं तथा हाल ही में लागू की गई प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी नए व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की. अयोध्या पहुंचते ही नृपेंद्र मिश्र ने राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण शुरू किया.
