राजस्थान के बालोतरा में एक भीषण सड़क हादसा हुए. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 7 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट बस ओवरटेकिंग के दौरान ट्रेलर की चपेट में आ गई.
सड़क हादसे में 6 की मौत
राजस्थान के बालोतरा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. जोधपुर से सांचौर जा रही एक प्राइवेट बस बालोतरा जिले के कल्याणपुर इलाके में सड़क हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के मुताबिक सरवड़ी गांव के पास में ओवरटेक करने के दौरान बस किसी ट्रेलर की चपेट में आ गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं इसी के साथ 7 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं.
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
इस भीषण सड़क हादसे में बस की ड्राइवर वाली साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी ज्यादा जोर थी कि बस के स्लीपर कोच के कांच टूटकर अंदर ही बिखर गए. कांच बिखरने से कई यात्री उसमें फंस गए. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग पहुंच गए और तुरंत ही बचाव कार्य को शुरू कर दिया. लोगों ने बस के इमरजेंसी गेट और टूटे हुए कांच के रास्तों से यात्रियों को बाहर निकाला.
एक शव की नहीं हो पाई पहचान
इस हादसे में घायल लोगों को पहले बालोतरा में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद में गंभीर रूप से घायल लोगों को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में रेफर कर दिया गया. इस मामले में जानकारी देते हुए एसीपी छवि शर्मा ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की जान चली गई है. जिनकी पहचान नगाराम, अनुषा, नरपत, 5 साल का युवराज, 15 महीने के शिवराज के रूप में की गई है. वहीं इस हादसे में एक शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
तेज रफ्तार में थी बस
पोकरण सरकारी अस्पताल में काम करने वाले नर्संगकर्मी धारू राम ने बताया कि वे परिवार के साथ में घर जा रहे थे. इस हादसे में उनके 2 बच्चों की मौके पर मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है. जिससे उसका पैर काटना पड़ा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी. हादसे के बाद यात्रियों को इमरजेंसी गेट खोलकर बाहर निकाला गया.
यह भी पढ़ें- ‘मुझे छोड़ दो…’ दबंगों ने गांव के युवक को समझा चोर, ट्रैक्टर से बांधकर कर दी पिटाई
