उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर 2 ट्रकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. इस हादसे में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे में दोनों ट्रक जलकर पूरी तरह से खाक हो गए हैं.
बांदा में भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर 2 ट्रकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. बताया जा रहा है कि यह घटना खैराडा गांव के पास हुई है. जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत ही आग लग गई. इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई.
ट्रक चालक को आ गई झपकी
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा ट्रक चालक को झपकी आने के कारण वाहन गलत दिशा में जाने के कारण हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. काफी देर मेहनत करने के बाद आग के ऊपर काबू पाया गया. बताया जा रहा है कि एक ट्रेलर बांदा की तरफ पत्थर लेकर जा रहा था.
हादसे में 3 लोगों की जलकर मौत
जानकारी के मुताबिक एक ट्रक पत्थर लेकर बांदा की तरफ जा रहा था, इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ड्राइवर को नींद के कारण झपकी आ गई थी, जिससे ट्रक दूसरी साइड चला गया. हादसे में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि मृतक सुल्तानपुर, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर के रहने वाले थे.
गाड़ी नंबर से हुई मालिकों की पहचान
इस हादसे के बाद पुलिस ने गाड़ी नंबरों के आधार पर मालिकों को और मृतकों के परिजनों को सूचना दी. हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान ड्राइवर सुरेश पांडेय, सूर्यनाथ और खलासी शनि के रूप में हुई है. इस घटना में एक घायल व्यक्ति को बचाकर अस्पताल में भर्ती भी कराया गया है. इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. सीएम योगी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं, कि पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए.
यह भी पढ़ें- अब पेट्रोल पंप पर भी मिलेगी शराब, इस शहर में लागू हुई नई एक्साइज पॉलिसी; आसानी से खरीद सकेंगे वीयर और वाइन
