बरेली में बाइक की सीट के नीचे बैठे सांप ने बाइक सवार को काट लिया. चलती हुई बाइक पर सांप के काटने से चालक की हालत ख़राब हो गई. जिसके बाद उसे राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया. यहाँ उसका इलाज किया जा रहा है
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले में लगातार हो रही बारिश और नमी के बीच सांपो के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. शुक्रवार को यहां एक व्यक्ति को चलती बाइक पर ही सीट के नीचे छिपे जहरीले सांप ने काट लिया. अचानक हुए इस हमले से बाइक सवार की हालत बिगड़ गई, जिन्हें राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सिक्योरिटी एजेंसी चलता पीड़ित
जानकारी के मुताबिक सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ निवासी 45 साल के सूर्य प्रकाश पाठक अपनी सिक्योरिटी एजेंसी का काम संभालते हैं. शुक्रवार को वह अपनी बाइक से कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन करने और उसके बाद एजेंसी के काम से सिविल लाइंस क्षेत्र की ओर जा रहे थे.
सांप ने 2 बार काटा
बताया जा रहा है कि जब सूर्य प्रकाश चौपला और पटेल चौक के पास पहुंचे, तो अचानक उन्हें अपनी जांघ के पास तेज दर्द और जलन का अहसास हुआ. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बाइक की सीट के नीचे छिपे सांप ने उन्हें दोबारा डंस लिया. सांप का जहर फैलते ही उन्हें चक्कर आने लगे और घबराहट बढ़ गई.
अस्पताल लेकर पहुंचे राहगीर
तबीयत बिगड़ने के बावजूद व्यक्ति बाइक रोककर सड़क किनारे खड़ा हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को फोन पर सूचना दी. सूचना पाकर उनके भाई सीबी पाठक भी अस्पताल पहुंचे. फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और हालत नाजुक बनी हुई है.
