बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब पीकर घर गया, जिसके बाद पत्नी और बेटी से विवाद हो गया. व्यक्ति के ऊपर उसकी पत्नी और बेटी ने डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पत्नी और बेटी ने की व्यक्ति की हत्या
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया. यहां एक व्यक्ति को उसकी पत्नी और बेटी ने मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घरेलू हिंसा में मरने वाले व्यक्ति की पहचान 48 साल के बालकराम के रूप में की गई है.
भतीजे के प्री-विडिंग कार्यक्रम में गया था व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक रविवार को व्यक्ति अपने भतीजे के प्री-विडिंग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था, जहां पर उसने शराब पी ली. जिसके बाद जब व्यक्ति देर शाम घर वापस लौटा तो उसका अपनी पत्नी और बेटी से विवाद हो गया. जिसके बाद घरेलू विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि मां और बेटी ने साथ मिलकर बालकराम के ऊपर डंडों से हमला कर दिया.
डंडों से हमला करके उतारा मौत के घाट
इज्जतनगर थाना प्रभारी बीजेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पत्नी की पहचान रेखा और बेटी की पहचान पिंकी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों ने मिलकर व्यक्ति के ऊपर डंडों से हमला किया, जिससे उसे चोट आई और उसकी मौत हो गई. जिसके बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए किसी को भी मामले की जानकारी नहीं दी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई सच्चाई
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि व्यक्ति सीढ़ियों से गिर गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरी सच्चाई सामने आ गई. व्यक्ति के शरीर पर चोटों के लगभग 15 निशान पाए गए. जिसके बाद मृतक के एक रिश्तेदार की शिकायत पर पुलिस ने मामले को दर्ज किया और सोमवार को आरोपी रेखा और पिंकी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने वारदात में शामिल डंडे को भी बरामद कर लिया है. मंगलवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें- होली पर घर जाने का टूट रहा सपना! ट्रेन में नहीं मिल रही सीट, फ्लाइट का किराया भी छू रहा आसमान की ऊंचाइयां
