बरेली के इज्जतनगर इलाके में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है. महिला के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन बाद वे शांत हो गए.

महिला ने की आत्महत्या
बरेली के इज्जतनजर क्षेत्र में एक महिला ने बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद मृत महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन उसके बाद शांत हो गए. महिला के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया और परिवार को सौंप दिया है. यह पूरी घटना इज्जतनगर की अशोक विहार कॉलोनी की है.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
जानकारी के मुताबिक मृत महिला की पहचान 32 साल की नीतू के रूप में की गई है. महिला ने सोमवार को सुबह के समय अपने घर में फंदे से फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली. इस घटना की जानकारी नीतू के पिता राधेलाल ने दी. मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने नीतू को प्रताड़ित करके उसकी हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई.
मृतका की बेटी ने दी जानकारी
मौके पर पहुंची पुलिस को नीतू का शव बरामदे में रखा मिला. मामले की जांच करने पर नीतू के गले में दुपट्टे का निशान भी पाया गया. घर पर मौजूद नीतू की 13 साल की बेटी अनन्या ने बताया कि उसकी मां ने सुबह करीब 5-6 बजे के समय गेट के ऊपर बने जंगले में फंदा लगाया था. घटना के बाद बच्ची ने अपनी बुआ और चाचा सुरेंद्र की मदद से महिला को नीचे उतारा और तुरंत ही अस्पताल लेकर पहुंचे.
15 साल पहले हुई थी शादी
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक नीतू की शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी और उसकी 2 बेटी और 1 बेटा है. मामले में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मौत की वजह हैंगिग बताई गई है. गौतम ने बताया कि महिला लंबे समय से बीमारी के कारण परेशान रहती थी.
