सोमवार यानी आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक होने वाली है. इस बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को भी स्वीकार किया जा सकता है. सभी की नजरें ट्रस्ट की इस बैठक पर टिकी हुई हैं.

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज
अयोध्या में राम मंदिर दान चोरी का मामला इन दिनों काफी सुर्खियों में बना हुआ है. अब इस मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक होने वाली है. इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. आपको बता दें कि इस बैठक को सिर्फ नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि हाल की घटना के बाद संगठनात्मक बदलाव की दिशा में भी अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है.
चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा हो सकता स्वीकार
जानकारी के मुताबिक इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा भी स्वीकार किया जा सकता है. आपको बता दें कि इन दोनों पदाधिकारियों ने 26 जून को ट्रस्ट को अपने इस्तीफे सौंप दिए थे, जिसके अगले दिन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी ने इस्तीफे मिलने की पुष्टि भी की थी. अब माना जा रहा है कि इस बैठक में औपचारिक मुहर लग सकती है.
पूरी तरह बाहर हो जाएंगे दोनों पदाधिकारी
इस बैठक के दौरान अगर इन पदाधिकारियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता से पूरी तरह बाहर हो जाएंगे. यह बात भी सामने आ रही है कि इस्तीफे से संबंधित बैठक में होने वाला फैसला महज औपचारिकता है और इस दिशा में ट्रस्ट पहले ही सहमति बना चुका है. अब सभी की नजरें ट्रस्ट की इस बैठक के ऊपर बनी हुई हैं.
बैठक के बाद जारी होगा प्रेस नोट
बताया जा रहा है कि बैठक के बाद ट्रस्ट की तरफ से आधिकारिक प्रेस नोट भी जारी करने की तैयारी है. इस नोट के जरिए बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी को सार्वजनिक किया जाएगा. माना जा रहा है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा को हटाने के बाद ट्रस्ट के कामकाज को जारी रखने के लिए अंतरिम व्यवस्था भी घोषित की जाएगी, जिसमें तय किया जाएगा कि महासचिव और ट्रस्टी की जिम्मेदारियां फिलहाल किसे सौंपी जाएंगी.
यह भी पढ़ें- MP वक्फ बोर्ड में बड़ा बदलाव, मोहन यादव सरकार ने किया पुनर्गठन, पहली बार दो हिंदू चेहरों को मिली जगह
