बेगूसराय में स्टेज पर डांस की परिस्थिति दे रही महिला के साथ मारपीट करने पुलिसकर्मी पर आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी पिस्टल लहराते नज़र आ रहा है. घटना सामने आने के बाद एसपी ने पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है.
बिहार के बेगूसराय में एक गंभीर घटना हो गई. यहां से दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक दारोगा का महिला डांसर को थप्पड़ मारने और पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. मामले में एसपी मनीष ने पुलिस अवर निरीक्षक (SI) अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने और अमर्यादित आचरण करने का आरोप है.
गाने पर प्रस्तुति दे रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक़ पूरा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी स्थित एक दुर्गा मंदिर के पास का बताया जा रहा है. दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में दो महिला डांसर गानों की धुन पर प्रस्तुति दे रही थीं. इसी दौरान वहां एक पुलिस पदाधिकारी पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने एक महिला डांसर के साथ बदसलूकी की और उसे थप्पड़ मार दिया. महिला डांसर का आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी ने उनके साथ मारपीट की. इसके अलावा भी अन्य कलाकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया. महिला ने इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. जिसके बाद इस मामले में एसपी ने एक्शन लिया है.
पुलिसकर्मी ने लहराया पिस्टल
आपको बता दें कि महिला डांसर को थप्पड़ मारने के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग नाराज हो गए. देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया. आक्रोशित दर्शकों ने पुलिस पदाधिकारी का विरोध किया. इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई. माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस पदाधिकारी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर लहराना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि पिस्टल देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
एसपी ने किया निलंबित
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस पदाधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं. मामले में महिला डांसर और आर्केस्ट्रा संचालक का पक्ष भी सामने आना है. आपको बता दें कि मामले में एसपी मनीष ने पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उनके खिलाफ विधि-व्यवस्था के दौरान कर्तव्य में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के आरोप में कार्रवाई की गई है.
