कर्नाटक के अर्बन बेंगलुरु जिले में एक छात्रा ने चोरी के झूठे आरोप लगने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा पर स्कूल में 10 और 20 रुपए की चोरी का आरोप लगा था. छात्रा ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा है.

8वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां सरकारी हायर प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं क्लास की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक छात्रा ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था. बताया जा रहा है कि छात्रा ने स्कूल में हुई बेइज्जती से आहत होकर यह खैफनाक कदम उठाया है.
स्कूल में लगा रुपए चुराने का आरोप
छात्रा ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि उसके ऊपर स्कूल में 10 और 20 रुपयों को चुराने का झूठा आरोप लगा था, जिसके कारण शिक्षकों ने उसे डांटा भी था. छात्रा ने लिखा कि शिक्षकों की डांट-फटकार से वह मानसिक तनाव में थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठा लिया. यह पूरी घटना बेंगलुरु अर्बन जिले के अनेकल तालुक के मारसुरू इलाके की है.
कमरे में लटकी मिली छात्रा
गुरुवार रात को छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली. छात्रा को लटका देख परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने मामला दर्ज करके इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि छात्रा के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने चोरी का गलत आरोप लगाने का जिक्र किया था. छात्रा ने लिखा था कि वह इस अपमान को और सहन नहीं कर सकती और उसे लगता है कि अब जीने का कोई अधिकार नहीं है.
परिजनों से मांगी माफी
सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने परिजनों से माफी भी मांगी है. उसने लिखा कि उसकी मौत के लिए उसकी मां को जिम्मेदार न ठहराया जाए. छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने स्कूल के ऊपर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि स्कूल में एक शिक्षक के डांटने के बाद छात्रा ने इस खौफनाक कदम को उठाया है. पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- करूर भगदड़ केस में बड़ा मोड़! पीड़ित परिवारों को नौकरी के नियुक्ति पत्र जारी करेंगे सीएम विजय; विपक्ष ने उठाया सवाल
