Bankipur Election Bihar: बीजेपी ने नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने जमीनी कार्यकर्ता और प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार को प्रत्याशी घोषित किया है.

Bankipur Election Bihar: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है. बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इस सीट से अभिषेक कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है. आपको बता दें कि यह विधानसभा सीट बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद राज्यसभा के जरिए दिल्ली बुला लिया गया है, जिसके बाद उन्होंने बांकीपुर सीट छोड़ दी थी. उनकी जगह अब पार्टी ने एक युवा और जमीनी कार्यकर्ता पर दांव खेला है.
बूथ अध्यक्ष से की थी शुरुआत, 27 साल की मेहनत का मिला इनाम
बांकीपुर से उम्मीदवार बनाए गए अभिषेक कुमार कोई नए चेहरे नहीं हैं, बल्कि वे पिछले 27 सालों से बीजेपी के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जमीनी स्तर पर एक बूथ अध्यक्ष के रूप में की थी. इसके बाद वे दो बार मंडल अध्यक्ष रहे और मंडल मंत्री व महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को भी बखूबी संभाला. वे पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. वर्तमान में अभिषेक कुमार बिहार प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
नितिन नवीन की पसंद बने अभिषेक, कायस्थ समाज से रखते हैं ताल्लुक
अभिषेक कुमार कायस्थ जाति से आते हैं और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. वे बीजेपी प्रदेश कार्यालय और बांकीपुर क्षेत्र के एक बेहद सामान्य और एक्टिव कार्यकर्ता रहे हैं. नितिन नवीन ने बांकीपुर सीट से इस्तीफा देने के बाद इस खाली सीट के लिए अभिषेक कुमार के नाम को अपनी पहली पसंद के तौर पर आगे बढ़ाया था. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी ने एक आम कार्यकर्ता को टिकट देकर अपने कैडर को एक बड़ा और सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है.
प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी से होगा बांकीपुर का त्रिकोणीय मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है. बीजेपी के उम्मीदवार घोषित होने से पहले ही प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने भी इस सीट पर अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया था. जनसुराज की एंट्री से इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय और पेचीदा हो गया है. बांकीपुर को पारंपरिक रूप से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन इस बार नए समीकरणों और युवा उम्मीदवारों के आमने-सामने होने की वजह से चुनाव काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है.
चुनाव आयोग ने तय किया पूरा शेड्यूल, 30 जुलाई को डाले जाएंगे वोट
चुनाव आयोग ने कुछ समय पहले ही बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की तारीखों की घोषणा की थी. तय कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर आगामी 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और 3 अगस्त को मतों की गिनती होगी. चुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई तय की गई है. इसके बाद 14 जुलाई को नामांकनों की जांच होगी और 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी.
