बिहार के समस्तीपुर में शौच को लेकर एक व्यक्ति ने छत से ग्रेनाइट टाइल्स फेंक दी. जिससे नीचे खड़ा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिया है.
शौच करने को लेकर हुआ विवाद
बिहार से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. बिहार के समस्तीपुर में ग्रेनाइट टाइल्स फेंक कर मारने से एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की है. यहां शौच करने को लेकर विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि एक युवक की मौत हो गई.
छत से फेंकी ग्रेनाइट टाइल्स
जानकारी के मुताबिक शंभूपट्टी के रहने वाले अजित कुमार साह अपने एक साथी के साथ में आदर्श नगर में मौजूद एक फाइनांस कंपनी में गए हुए थे. इसी दौरान वह शौच के लिए वहां मौजूद एक मकान के किनारे चले गए. जिसके बाद में मकान मालिक शंभु झा ने उन्हें शौच करते देख लिया और इस बात से नाराज होकर उन्होंने छत से ग्रेनाइट टाइल्स फेंक दी.
इलाज के दौरान हो गई युवक की मौत
ग्रेनाइट टाइल्स सीधे अजित के सिर पर जाकर लग गई, जिससे वह मौके पर गंभीर रूप से घायल हो गया और वहां गिर गया. जिसके बाद में उसके साथ गए युवक ने तुरंत ही अजित को अस्पताल में भर्ती कराया. जिसके बाद में उसे पटना रेफर कर दिया गया. पटना रेफर करने के बाद में लगभग 4 दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन उसके बाद में युवक की मौत हो गई.
परिजनों ने बंद कर दिया हाईवे
मौत की खबर सुनने के बाद में परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी. पोस्टमार्टम के बाद में परिजन शव को समस्तीपुर लेकर आए और आदर्श नगर जाने वाली सड़क पर रखकर समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग को बंद कर दिया. लोगों ने सड़क पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने और मुआवजे की मांग करते हुए नारेबाजी की. इसके चलते कई घंटों तक यातायात भी बंद रहा. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई और जांच का भरोसा दिलाया है.
