rajya sabha nomination and next cm: नीतीश कुमार के गुरुवार को राज्यसभा नामांकन की संभावनाओं ने बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को तेज कर दिया है. माना जा रहा है कि उनके दिल्ली जाने के बाद बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है और निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री की भूमिका में आ सकते हैं.

rajya sabha nomination and next cm: बिहार की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव की ओर बढ़ती दिख रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि वे गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन भर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो बिहार की राजनीति में कई नए समीकरण बन सकते हैं. नई सरकार के गठन से लेकर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तक की भूमिकाएं बदल सकती हैं. फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. लेकिन सियासी हलकों में इसे लेकर लगातार चर्चा हो रही है.
जानकारी के मुताबिक जेडीयू की ओर से अभी तक औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिर भी यह कहा जा रहा है कि नितिन नवीन के साथ नीतीश कुमार भी राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं. अगर नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में जाते हैं तो राज्य में नई सरकार का गठन करना पड़ेगा. ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के साथ ही पूरी मंत्रिपरिषद भी समाप्त मानी जाती है. इसके बाद सत्ताधारी गठबंधन को फिर से अपना नेता चुनना पड़ता है. यही वजह है कि बिहार की सत्ता में बड़ा बदलाव संभव माना जा रहा है.
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी. उसी के बाद नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उस समय सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. लेकिन अब राज्यसभा चुनाव के बीच अचानक नई चर्चा शुरू हो गई है. होली के दिन से यह खबर तेजी से फैलने लगी कि नीतीश कुमार संसद के उच्च सदन में जाने पर विचार कर रहे हैं.
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. इस बारे में अभी बातचीत चल रही है. अंतिम फैसला खुद नीतीश कुमार ही करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में आ सकते हैं. हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि अगर नीतीश कुमार पद छोड़ते हैं तो अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा.
अगर नीतीश कुमार राज्यसभा चले जाते हैं तो सत्ता का संतुलन बदल सकता है. अभी एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री जेडीयू से हैं और बीजेपी के दो उपमुख्यमंत्री हैं. लेकिन नई स्थिति में मुख्यमंत्री की कुर्सी बीजेपी के पास जा सकती है. इसके लिए दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं. वहीं जेडीयू की ओर से उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है. चर्चा यह भी है कि निशांत कुमार को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि इन सभी बातों पर अभी आधिकारिक फैसला होना बाकी है.
