बिहार के वैशाली जिले में एक रिटायर्ड फौजी ने अपने पड़ोसी और उसके बेटे के ऊपर बंदूक से फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
बिहार में रिटायर्ड फौजी ने किया जानलेवा हमला
बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक रिटायर्ड फौजी ने अपने पड़ोसी और उसके बेटे के ऊपर जानलेवा हमला किया है. जानकारी के मुताबिक फौजी ने पड़ोसी और उसके बेटे के ऊपर बन्दूक से कई राउंड फायर किए. हालांकि इस हमले में वे दोनों बिल्कुल साफ बच गए. जिसके बाद इस मामले में जब पुलिस को सूचना मिली, तो तुरंत ही पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कार दी.
5 साल पहले लिए थे पैसे
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए, आरोपी फौजी और उसके एक भाई को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया है. पूरी घटना सराय थाना क्षेत्र के बोअरिया गांव की है. आरोपी फौजी की पहचान ब्रजेश कुमार सिंह के रूप में की गई है. पीड़ित रणधीर कुमार सिंह मे बताया कि रिटायर्ड फौजी ने लगभग 5 साल पहले उनके पिता से कुछ रुपए उधार लिए थे. जिसके बाद वो पैसे वापस भी कर दिए गए थे, लेकिन आरोपी लगातार 4 लाख रुपयों की मांग कर रहा था.
आरोपी फौजी ने घर पर आकर की मारपीट
पीड़ित ने बताया आरोपी को जब पैसे नहीं दिए तो वह अपने भाइयों के साथ पीड़ित के घर पहुंच गया और गाली गलौज करने लगा. जिसके बाद जब उसका विरोध किया तो रिटायर्ड फौजी ने बन्दूक से 3-4 राउंड फायरिंग की और पीड़ित के घर में घुस गया. जिसके बाद आरोपी ने पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी. जिसके बाद जब इस मामले की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद यह हमला किया गया. अधिकारी ने कहा कि जान से मारने की नियत से यह हमला किया गया था. फिलहाल पुलिस इस मामले में केस दर्ज करके जांच कर रही है. आरोपी की बन्दूक की वैधता की जांच भी की जा रही है.
