उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक व्यापारी की उसके ही रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी. आरोपियों की नीयत युवक के पास 2 लाख रुपए देखकर खराब हो गई थी, जिसे हासिल करने के कारण उन्होंने इस तरह का कदम उठाया.

रिश्तेदार ने कर दी हत्या
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. बिजनौर के नूरपुर के रहने वाले एक व्यापारी की उसके ही रिश्तेदार ने अपने 2 दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक कातिलों ने मृत युवक के पास मौजूद 2 लाख रुपयों को लूटने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया. मृतक की पहचान नूरपुर निवासी व्यापारी इसरार अली के रूप में की गई है.
झाड़ियों में फेंका शव
आरोपियों ने हत्या करने के बाद शव को दौलतपुर चौकी के पास पोशाक नहर की झाड़ियों में फेंक दिया और उसके बाद पेट्रोल से जला दिया. जिससे शव की पहचान न हो पाए. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का जला हुआ कंकाल भी बरामद कर लिया है. जले हुए कंकाल की पहचान उसके परिजनों ने हाथ के ब्रेसलेट से की है.
2 लाख रुपए के कारण कर दी हत्या
आरोपियों की पहचान आशु सिद्दीकी, शाहनवाज और जाबिर के रूप में की गई है. एसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक अपने रिश्तेदार आशु के पास 2 लाख रुपयों को लेकर गया था. जिसके बाद पैसों को देखकर आशु की नीयत खराब हो गई. मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ इसरार की हत्या करने की साजिश रच डाली. आशु ने इसरार को अपनी गाड़ी में बिठाया और रास्ते में गला घोंटकर हत्या कर दी और पेट्रोल डालकर शव को जला दिया.
पुलिस ने गिरफ्तार किए तीनों आरोपी
युवक के लापता होने के बाद उसके भाई ने 8 मार्च को पुलिस से शिकायत की थी. जिसके बाद जांच में पता लगा कि आखिरी बार युवक आशु के घर पर गया था. जिसके बाद पूछताछ के दौरान आरोपी आशु ने पुलिस को पूरी बात बता दी. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जालकर युवक का जला हुआ शव बरामद कर लिया है. कंकाल के साथ पेट्रोल की केन भी बरामद हुई है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.
यह भी पढे़ं- धनबाद में दिल दहला देने वाली घटना! भाई ने बाथरूम में किया बहन का अंतिम संस्कार; 5 दिन पहले हो गई थी मौत
