झारखंड के धनबाद में एक युवती की मौत हुई जिसके बाद उसके भाई ने घर में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया. जिसके बाद जब आसपास के लोगों को बदबू आई, तो उन्होंने पुलिस को इस मामले में जानकारी दी.

घर में ही कर दिया अंतिम संस्कार
झारखंड के धनबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के भाई ने उसका अंतिम संस्कार बाथरूम में ही कर दिया. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना वास्तु विहार में मौजूद एक आवासीय कॉलोनी की है. बताया जा रहा है कि घर के अंदर से तेज बदबू और जलने की महक आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन किया था, जिसके बाद इस पूरी घटना का खुलासा हुआ.
बाथरूम से बरामद किया जला हुआ शव
सूचना मिलने के बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई और बाथरूम से युवती का जला हुआ शव बरामद किया. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. जिस घर में यह घटना हुई है, वह घर CIMFR के एक रिटायर्ड वैज्ञानिक संगीत कुमार का था. वैज्ञानिक की साल 2023 में मौत हो गई थी. जिसके बाद उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका लंबे समय से डिप्रेशन के चलते अकेली रहती थी.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बताया जा रहा है कि धीरे-धीरे परिवार के बाकी के सदस्य भी समाज से कट गए. फिलहाल पुलिस ने जानकारी दी है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सच्चाई सामने आएगी. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. लिपिका के भाई प्रणव ने बताया कि उसकी मौत 8 तारीख को हुई थी.
शव में पड़ने लगे थे कीड़े
प्रणव ने बताया कि वह बार-बार शौचालय जा रही थी, जिसके कारण उनकी तबीयत खराब हो गई और उसकी मौत हो गई. जिसके बाद प्रणव ने अपने छोटे भाई को इस मामले की जानकारी दी, लेकिन वह नहीं आया. किसी ने भी इस बात को गंभीरता से नहीं लिया. प्रणव ने बताया कि उसकी बहन के शव में कीड़े पड़ गए थे, जिसके कारण उसने रजाई, कंबल और तकिया की मदद से उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
यह भी पढे़ं- PM मोदी ने किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, जनता को किया गया समर्पित; सीएम धामी रहे मौजूद
