उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दामाद ने अपनी ससुराल में लूट की घटना को अंजाम दिया. उसने सास-ससुर और अपनी पत्नी को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और लगभग 2 करोड़ की संपत्ति को लूट लिया.
बिजनौर में ससुर-दामाद का रिश्ता कलंकित
हमारे देश में दामाद को घर का मान माना जाता है, लेकिन बिजनौर के नहटौर में एक दामाद ने रिश्तों को कलंकित करके रख दिया है. नहटौर के मोहल्ला कैपतला में एक शातिर दामाद ने पहले अपनी गलतियों के लिए झूठे आंसू बहाकर ससुराल में एंट्री ली, जिसके बाद मौका मिलते ही अपनी पत्नी और सास-ससुर को जहर जैसा नशीला पदार्थ दे दिया.
2 महीने पहले घर से निकाला गया था दामाद
आरोपी दामाद की पहचान नवीन के रूप में की गई है. नवीन को उसके ससुर संतोष वर्मा ने अपनी इकलौती मूक-बधिर बेटी का सहारा समझकर जगह दे दी थी. नवीन अपनी अलग ही योजना बना रहा था. बताया जा रहा है कि नशे की लत के कारण उसे लगभग 2 महीने पहले घर से निकाल दिया गया था. जिसके बाद उसने माफी मांगी और गिड़गिड़ाते हुए घर वापस आ गया था.
2 करोड़ रुपए की लूट
जिसके बाद उसने 25 फरवरी की रात में खाने की किसी चीज में नशीला पदार्थ मिला दिया और सास-ससुर के साथ अपनी दिव्यांग पत्नी को खिला दिया. जिसके बाद जब पूरा परिवार सो गया, तो लुटेरे दामाद नवीन ने घर में मौजूद तिजोरियों को खंगाला और अपने साथ में आधा किलो सोना और 40 किलो चांदी को लेकर फरार हो गया. ससुर संतोष वर्मा ने बताया कि चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए के आसपास है.
पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस लुटेरे दामाद नवीन की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. जानकारी के मुताबिक नवीन को नशे की लत थी, जिसके कारण उसे घर से बाहर निकाला गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद उसने गिड़गिड़ाकर और माफी मांगकर घर में दोबारा से एंट्री ले ली. जिसके बाद उसने विश्वासघात करके लूटी की घटना को अंजाम दे दिया.
यह भी पढ़ें- ‘तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा…’ डीजे पर बजवाया गाना, मंच पर खड़ी दुल्हन को एकतरफा आशिक ने मारी गोली
