राजस्थान के नागौर जिले में एक प्राइवेट स्कूल में प्रार्थना के दौरान एक छात्रा अचानक से बेहोश होकर गिर गई. जिसके बाद उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों ने मौत का कारण हृदय की गति का रुकना बताया है.
5वीं कक्षी की छात्रा को आया हार्ट अटैक
राजस्थान के नागौर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. नागौर जिले में मौजूद एक प्राइवेट स्कूल में सुबह के समय प्रार्थना सभा में एक छात्रा अचानक से गिर गई. गिरने के कुछ ही मिनटों बाद छात्रा की जान चली गई. मृत छात्र की पहचान 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली दिव्या के रूप में की गई है. छात्रा की मौत के पीछे की वजह डॉक्टरों ने हार्ट अटैक को बताया है.
रोज की तरह स्कूल गई थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक गोटन उपखंड क्षेत्र के टालपुर कस्बे के रहने वाले राजेंद्र नाम के व्यक्ति की 9 साल की बेटी दिव्या एक प्राइवेट स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ती थी. वह हर रोज की तरह सुबह लगभग 7 बजे स्कूल गई थी. जिसके बाद स्कूल में प्रार्थना चल रही थी, इसी दौरान छात्रा दिव्या अचानक से बेहोश हो गई और वह जमीन पर गिर गई. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
डॉक्टरों ने जांच के बाद घोषित किया मृत
हादसे में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दिव्या लाइन में खड़ी गई थी और अचानक से एकदम वह पीछे की ओर गिर गई. छात्रा के गिरने के बाद स्कूल के स्टाफ ने तुरंत ही छात्रा को संभाला और उसे कस्बे के राजकीय चिकित्सालय में लेकर पहुंच गए. हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने छात्रा की जांच की, जिसके बाद उन्होंने छात्रा को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
डॉक्टरों ने इस मामले में बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत के पीछे का कारण हृदय की गति का रुकना माना जा रहा है. हालांकि छात्रा के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है. जिसके बाद में छात्रा के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है. इस हादसे के बाद परिवार का बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि लगभग 4 महीनों पहले छात्रा के बड़े भाई अभिषेक की भी अचानक मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें- बिजनौर में दामाद का विश्वासघात! सास-ससुर और पत्नी को खिलाया जहरीला पदार्थ, 2 करोड़ की संपत्ति लूटकर फरार
