Bill gates epstein files: एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में बिल गेट्स का नाम आने के बाद कई दावे सामने आए हैं, लेकिन किसी भी आरोप की कानूनी पुष्टि नहीं हुई है. बिल गेट्स ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए कहा है कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.

Bill gates epstein files: एपस्टीन से जुड़े करीब 30 लाख नए दस्तावेज सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स का नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है. इन फाइलों में कुछ ईमेल और नोट्स का जिक्र है. जिनमें गेट्स से जुड़ी निजी बातें होने का दावा किया गया है. दस्तावेजों में यह आरोप लगाया गया है कि जेफ्री एपस्टीन के पास बिल गेट्स से जुड़ी कुछ संवेदनशील जानकारियां थीं. इन्हीं कागजों के आधार पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. हालांकि अमेरिकी अदालत और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े लोगों का कहना है कि केवल किसी का नाम फाइलों में आ जाना किसी अपराध का सबूत नहीं माना जाता है. इसी बात पर अब बिल गेट्स की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है.
इन दस्तावेजों में दावा किया गया है कि साल 2013 के आसपास एपस्टीन और बिल गेट्स के बीच ईमेल के जरिए बातचीत हुई थी. कुछ ईमेल में एपस्टीन ने खुद को ही मेल भेजे थे. जिनमें गेट्स से जुड़े कथित निजी मामलों का जिक्र किया गया था. इन फाइलों में यह भी कहा गया है कि गेट्स ने एपस्टीन से दूरी बनानी शुरू कर दी थी. इसके बाद दोनों के रिश्ते बिगड़ गए थे. दस्तावेजों में यह आरोप भी जोड़े गए हैं कि एपस्टीन के पास गेट्स से जुड़ी कुछ बेहद निजी जानकारी थी. जिनका इस्तेमाल वह दबाव बनाने के लिए कर सकता था. हालांकि इन दावों की किसी अदालत ने पुष्टि नहीं की है.
फाइलों में यह भी कहा गया है कि एपस्टीन अपने ईमेल में यह लिख रहा था कि बिल गेट्स उससे कुछ पुराने संदेश हटाने की बात कर रहे थे. साथ ही कुछ विदेशी महिलाओं का जिक्र भी उन मेल्स में बताया गया है. इन दावों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हलचल मच गई है. कई लोग इसे बिल गेट्स की छवि से जोड़कर देख रहे हैं. लेकिन अब तक सामने आए किसी भी दस्तावेज में यह साबित नहीं होता है कि गेट्स ने कोई अपराध किया था. यह बातें केवल एपस्टीन से जुड़े कागजों और निजी ईमेल के हवाले से सामने आई हैं.
इन आरोपों पर अब बिल गेट्स की ओर से साफ जवाब दिया गया है. उनके प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है कि गेट्स पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह झूठे और निराधार हैं. प्रवक्ता के अनुसार ये दस्तावेज सिर्फ यह दिखाते हैं कि एपस्टीन गेट्स से रिश्ते खत्म होने के बाद नाराज था. और उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा था. इससे पहले भी बिल गेट्स सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि उन्हें जेफ्री एपस्टीन से मुलाकात करने का पछतावा है. लेकिन उन्होंने हमेशा किसी भी तरह के गलत या अवैध काम से इनकार किया है.

इन फाइलों में बिल गेट्स की पूर्व पत्नी मेलिंडा गेट्स का नाम भी चर्चा में आया है. कुछ दस्तावेजों में उनके निजी जीवन से जुड़े आरोपों का जिक्र किया गया है. हालांकि इन बातों को लेकर भी कोई कानूनी पुष्टि नहीं हुई है. पूरे मामले में यही बात बार-बार सामने आ रही है कि एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज कई लोगों के नाम उजागर करते हैं. लेकिन नाम होना अपने आप में दोष साबित नहीं करता है. अब बिल गेट्स ने साफ कहा है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं. और वह इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
