नयी दिल्ली से पटना जा रही राजधानी तेजस एक्सप्रेस में बम की सूचना के बाद हड़कंप मच गया. शनिवार रात देर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली कंट्रोल रूम से ट्रेन में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई. सूचना के बाद बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की टीम डीडीयू जंक्शन पर पहुंची. सीओ पीडीडीयू नगर, असिस्टेंट कमांडेंट आरपीएफ सीओ जीआरपी रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे. राजधानी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना पर रेल महकमे में हड़कंप मच गया. पूरी ट्रेन की गहन जांच की गई, जिसमें सभी कोच और सामान की तलाशी ली गई.
सभी 16 कोच की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड की सघन तलाशी
ट्रेन में बम होने की सूचना शनिवार रात 10:00 की है जब तेजस एक्सप्रेस डीडीयू जंक्शन पहुंची. राजधानी एक्सप्रेस के डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 4 पर पहुंचते ही ट्रेन को खाली कराया गया. राजधानी एक्सप्रेस के सभी 16 कोच की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड ने सघन तलाशी की.
सुरक्षा एजेंसियों ने ली राहत की सांस
ट्रेन की जांच में संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली. ट्रेन 3 घंटे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुई. बम की सूचना से राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री भी परेशान हो गए. बम की सूचना देने वाले नंबर को लेकर जीआरपी और जिला पुलिस जांच में जुटी है.
जांच के बाद हुई ट्रेन रवाना
जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई. गौरतलब है कि जनवरी में ही काशी एक्सप्रेस में भी इसी तरह की बम धमकी मिली थी, जिसमें भी कुछ नहीं मिला था.
