Mauni Amavasya Sangam Snan: आज मौनी अमावस्या पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. प्रयागराज में मौनी अमावस्या का स्नान जारी है. भारी भीड़ को देखते हुए ats की यूनिट को माघ मेले की सुरक्षा में लगाया है. आज साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालुओं के संगम में स्नान करने का अनुमान है. सुरक्षा के मद्देनजर मेला पुलिस क्षेत्र में जल, थल और नभ से निगरानी कर रही है. संगम पर स्नान का सिलसिला आज देर रात तक चलने की संभावना है.
ग्राउंड जीरो पर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल
माघ मेले में मौनी अमावस्या के मौके पर आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिल रहा है. त्रिवेणी के तट पर आस्था और भक्ति का हुजूम उमड़ा हुआ है. रात 12 बजे से ही श्रद्धालु त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं. पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल भी ग्राउंड जीरो पर हैं. पुलिस कमिश्नर ने मौनी अमावस्या पर्व पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जाने की बात कही है. मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा मौनी अमावस्या पर्व पर स्नानार्थियों को कोई असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है.
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा, “मौनी अमावस्या के मौके पर अभी तक पचास लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया है। हमने श्रद्धालुओं को सही रास्ता दिखाने के लिए खंभों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए हैं, और सिविल डिफेंस के वॉलंटियर भी उन्हें गाइड कर रहे हैं।”
प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा, “मौनी अमावस्या का स्नान शुरू हो चुका है. सभी 12 बजे से ही स्नान करना शुरू कर दिए हैं. लोगों में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं…बड़ी संख्या में लोग स्नान कर चुके हैं. कल डेढ़ करोड़ लोगों ने स्नान किया.
मकर संक्रांति पर बना था रिकॉर्ड
3 जनवरी को माघ मेले में 31 लाख लोगों ने संगम में स्नान किया था. 14 जनवरी को एकादशी पर संगम में 85 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई थी. 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर माघ मेले में रिकॉर्ड टूट गया था. 1 करोड़ 3 लाख श्रद्धालुओं ने संगम पर स्नान किया था.
मौनी अमावस्या पर संगम क्षेत्र में सुरक्षा पुख्ता
मुहूर्त शुरू होते ही श्रद्धालु संगम में पुण्य की डुबकी लगा रहे है. कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की धुंध पर श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ गई है. मौनी अमावस्या पर संगम क्षेत्र में सुरक्षा चाक चौबंद है. पूरे मेला क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मियों का पहरा है. एसटीएफ के साथ कमांडो तैनात किए गए हैं. सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात हैं. ड्रोन से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. प्रयागराज माघ मेले में मौनी अमावस्या पर्व पर नावों के संचालन पर रोक लगाई गई है. भारी भीड़ के चलते अक्षय वट के दर्शन पर रोक लगा दी गई है.
ये भी पढ़ें: magh mela 2026: कब है माघ मेला का अगला शाही स्नान? नोट कर लें डेट और जरूरी जानकारी!
