Farrukhabad Crime News:यूपी के फर्रुखाबाद जनपद में शादी के नाम पर भोले-भाले लोगों को फंसाकर लूटने वाले एक शातिर गिरोह का मामला सामने आया है. एक दिव्यांग व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी और उसके परिवार पर जेवर, नकदी बटोरने और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है.
दुल्हन नकदी-सोना लेकर फरार
पीड़ित यतीश चंद्र कटियार ने बताया कि उसकी पहली पत्नी की मृत्यु के बाद, बच्चों के पालन-पोषण के लिए उसने 16 जनवरी 2025 को सुभ्रा मिश्रा नाम की युवती से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था. आरोप है कि विवाह के मात्र कुछ दिनों बाद ही 7 फरवरी 2025 को सुभ्रा घर में रखे करीब 15-16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान लेकर अपने मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया.
फर्जी पहचान
पीड़ित का आरोप है कि सुभ्रा मिश्रा, उसकी मां कल्पना और उसके भाई-बहन मिलकर एक संगठित गिरोह चलाते हैं, जो लोगों को शादी के झांसे में फंसाकर लूटते हैं. जांच के दौरान पीड़ित को पता चला कि सुभ्रा पहले भी मोहन कपूर नामक व्यक्ति को इसी तरह शिकार बना चुकी है. इतना ही नहीं, गिरोह पर फर्जी आधार कार्ड और पहचान बदलकर धोखाधड़ी करने के भी आरोप हैं. दस्तावेजों के अनुसार, सुभ्रा की मां कल्पना के नाम पर अलग-अलग पहचान पत्र मिले हैं, जिनमें पतियों के नाम अलग-अलग दर्ज हैं.
धमकी और कानूनी दबाव
पीड़ित ने बताया कि जब उसने अपना सामान वापस मांगा, तो आरोपियों ने उसके विरुद्ध ही अदालत में मामला दर्ज करा दिया ताकि उस पर दबाव बनाया जा सके.इसके अलावा, उसे और उसकी बच्ची को जान से मारने की धमकियाँ भी दी जा रही हैं. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
