Noida Samajwadi Party rally: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज, 29 मार्च को गौतमबुद्ध नगर के दादरी स्थित मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में बड़ी रैली करने जा रहे हैं. इस रैली के जरिए सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 32 जिलों में फैली 140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश करेगी. रैली को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और बीजेपी के बीच ताकत दिखाने की जंग तेज हो गई है.
जुटेंगे सैकड़ों कार्यकर्ता
नोएडा में होने वाली इस जनसभा के जरिए समाजवादी पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 142 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है. इस रैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी गुर्जर समाज के नेताओं को दी गई है. मिली जानकारी के मुताबिक राजकुमार भाटी के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से इस रैली की तैयारियां की गईं.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी का दावा है कि यह रैली 2027 के चुनाव की शंखनाद रैली होगी. रैली की तैयारियों में पार्टी के बड़े पदाधिकारी, बूथवार कमिटी और स्थानीय कार्यकर्ता पूरी तरह जुटे हैं.
क्या देना चाहती है सपा संदेश
समाजवादी पार्टी का कहना है कि वर्तमान शासन से यूपी के हर वर्ग में असंतोष फैला हुआ है. पार्टी पदाधिकारी लोगों को जोड़ने के लिए सरकार की कथित नाकामियों को रैली में उजागर करेंगे. सपा का आरोप है कि सरकार सिर्फ विध्वंसात्मक कार्यों में लगी है, चाहे बुलडोजर से मकान गिराना हो या समाज में भाईचारे को तोड़ना हो. पार्टी का दावा है कि हिंदू-मुस्लिम और जातिगत आधार पर लोगों को बांटकर समाज में दरार डाली जा रही है.
पश्चिमी यूपी के वोटरों को साधने की रणनीति!
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस रैली के जरिए वोटरों को साधने के साथ बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेंगे. पार्टी नेताओं का दावा है कि इस रैली के बाद प्रदेश में बीजेपी का ग्राफ गिरना शुरू हो जाएगा. इस रैली के जरिए सपा पश्चिमी यूपी की 32 जिलों में फैली 140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी है. इस रैली को पार्टी के चुनावी अभियान का आधिकारिक आगाज माना जा रहा है.
