BSP Mega Rally Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बसपा इस रैली के जरिए अपना बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है. इस रैली में भीड़ जुटाने और अपनी ताकत दिखाने का मुख्य जिम्मा पार्टी ने आगामी चुनाव के दावेदारों और संभावित उम्मीदवारों को सौंपा है. बसपा संस्थापक बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर 9 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ स्थित कांशीराम जी स्मारक स्थल (इको गार्डन) में एक विशाल महारैली का आयोजन प्रस्तावित है।
बसपा का एक बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन
इस बार की रैली केवल श्रद्धांजलि सभा तक सीमित न होकर बसपा का एक बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन होगी. 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं और संभावित उम्मीदवारों को रैली में अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक समर्थकों को लाने का जिम्मा सौंपा गया है. माना जा रहा है कि इस रैली में जुटाई गई भीड़ ही दावेदारों की सांगठनिक क्षमता और टिकट की पात्रता का मुख्य आधार बनेगी.
अगले सप्ताह मायावती की समीक्षा बैठक
रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने और जिम्मेदारियों के बंटवारे के लिए बीएसपी सुप्रीमो मायावती अगले सप्ताह लखनऊ में राज्य स्तरीय वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और संयोजकों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगी. इस बैठक में प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाने के लिए यातायात, भोजन और व्यवस्था प्रबंधन का खाका तैयार किया जाएगा.
गौरतलब है कि बीते वर्ष भी 9 अक्टूबर को आयोजित परिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम में बसपा सुप्रीमो मायावती की मौजूदगी में प्रदेश भर से लाखों कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब लखनऊ में उमड़ा था. इस बार 2027 के चुनाव करीब होने के कारण पार्टी इस महारैली के माध्यम से अपने पारंपरिक दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वोट बैंक को एकजुट कर विपक्ष को कड़ा संदेश देना चाहती है.
ये भी पढ़ें: बच्चे से हैवानियत के बाद हत्या, बहराइच पॉक्सो कोर्ट ने 14 दिन में सुनाया फैसला, कुकर्मी-हत्यारे को सजा-ए-मौत
