Ghazipur News: गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत की हत्या में शामिल एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए. मुठभेड़ में मारे गए बदमाश का शव जैसे ही उसके पैतृक गांव फुल्लनपुर पहुंचा, वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और भारी बवाल शुरू हो गया. पुलिस पर पथराव कर दिया गया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई. इस पथराव में सीओ सिटी समेत कई लोगों के सिर फट गए.
कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान बवाल
गाजीपुर में एनकाउंटर में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. फुल्लनपुर गांव में पुलिस पर हुए पथराव की घटना के बाद वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. डीआईजी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेने वाले और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फुल्लनपुर गांव में माहौल तनावपूर्ण
दरअसल, गाजीपुर के कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर गांव में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब एनकाउंटर में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. डीआईजी वैभव कृष्ण ने मौके पर पहुंचकर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस प्रशासन ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है.
ये भी पढ़ें: सनकी आशिक का कहर, एक्स गर्लफ्रेंड पर किया चाकू से जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद मामला
