UP Weather Update Today: आज यानी 5 जून को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. खासकर पश्चिमी यूपी और एनसीआर के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है. यहां जानिए मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी…
यूपी का मौसम कैसा है?
आज प्रदेश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तगड़ी बारिश के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का ऑरेंज के साथ येलो अलर्ट जारी किया है.
शुक्रवार सुबह से एनसीआर में काले घने बादलों का डेरा दिखाई दे रहा है. कभी भी तेज बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य यूपी की बात करें तो लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
गुरुवार को कैसा था मौसम?
गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिला. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट तक जारी किया था.
जानिए पूर्वी यूपी का मौसम
अगर पूर्वी यूपी की तरफ नजर डालें तो गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और प्रयागराज मंडल के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी आईएमडी ने 5 जून को तूफानी मौसम की संभावना जताई है. तेज हवाओं और आंधी के पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
जिन जिलों में भारी बारिश आंधी का अलर्ट जारी किया गया है वो हैं, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, बिजनौर, बरेली, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, बाराबंकी, उन्नाव, कन्नौज, फिरोजाबाद और औरैया में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा चलने की संभावना है.
